Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने गाजियाबाद में किया 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित, कहा – खेलों से होता है अनुशासन और राष्ट्रभावना का विकास

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की प्रतिभा निखारने के साथ उनमें अनुशासन, एकता, सहयोग और राष्ट्रभावना का विकास करती हैं। खेल के मैदान में जीत और हार दोनों का महत्व है। जीत आगे बढ़ने का उत्साह देती है, जबकि हार अपनी कमियों को दूर कर बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री बुधवार को गाजियाबाद में विद्या भारती की ओर से आयोजित 37वें अखिल भारतीय खेलकूद समारोह-2026 के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।

धामी ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की सहभागिता इस आयोजन को विशेष बनाती है। हिमालय के सीमांत क्षेत्रों से लेकर कन्याकुमारी और पश्चिमी सीमावर्ती क्षेत्रों से लेकर पूर्वोत्तर तक के खिलाड़ियों का एक मंच पर जुटना लघु भारत का दर्शन कराता है। अलग-अलग भाषाओं, वेशभूषाओं और संस्कृतियों के खिलाड़ी यहां एक-दूसरे की परंपराओं को समझने का अवसर भी प्राप्त करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्या भारती शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का काम कर रही है। वर्ष 1952 में गोरखपुर में पहले सरस्वती शिशु मंदिर की स्थापना से शुरू हुई संस्था की यात्रा आज देश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंच चुकी है। संस्था का ध्येय वाक्य ‘सा विद्या या विमुक्तये’ शिक्षा के व्यापक उद्देश्य को दर्शाता है। उन्होंने सीमांत, ग्रामीण, जनजातीय और वंचित क्षेत्रों में शिक्षा के प्रसार के लिए संस्था के प्रयासों की सराहना की।

धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में शिक्षा के साथ शारीरिक विकास को भी महत्व दिया गया है। स्वस्थ शरीर जीवन के कर्तव्यों और लक्ष्यों की पूर्ति का आधार है। खेलों से विद्यार्थियों में साहस, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। खेल समारोह की अनुशासित दिनचर्या विद्यार्थियों को समय का सदुपयोग, आत्मनिर्भरता और सामूहिक जिम्मेदारी भी सिखाती है।

मुख्यमंत्री ने पेरिस पैरालंपिक-2024 के रजत पदक विजेता निषाद कुमार का उदाहरण देते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से बड़ी उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि समारोह में शामिल खिलाड़ी भी भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान जैसी पहल की गई हैं। इनसे युवाओं में खेल और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी है। सामान्य परिवारों की खेल प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने के बेहतर अवसर मिल रहे हैं।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रदेश में खेल सुविधाओं और संसाधनों का विस्तार कर रही है। खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी अपनी क्षमता दिखाने का मौका मिले और प्रदेश के युवा खेलों में बेहतर भविष्य बना सकें।

मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए विद्या भारती के पदाधिकारियों, शिक्षकों, प्रशिक्षकों और कार्यकर्ताओं की सराहना की।

कार्यक्रम में महेश गुप्ता, विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान के महामंत्री देशराज शर्मा, अखिल भारतीय सह-संगठन मंत्री यतीन्द्र कुमार शर्मा, अखिल भारतीय खेल विभाग के संयोजक मुक्तेश बगेशा, डॉ. विजय पाल सहित संस्था के पदाधिकारी, शिक्षक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News