Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में 9.99 लाख पेंशनधारकों के खातों में पहुंचे 148.18 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री धामी ने किया डीबीटी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत अक्टूबर माह की धनराशि लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की। प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से प्रदेश के 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में कुल 148 करोड़ 18 लाख 84 हजार 500 रुपये भेजे गए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर, वंचित और जरूरतमंद वर्गों का सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकता है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन सहित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से पात्र लोगों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजना का लाभ पारदर्शी तरीके से और समय पर पहुंचे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केंद्र और राज्य सरकार समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खातों में धनराशि पहुंचने से पारदर्शिता बढ़ी है और भुगतान में अनावश्यक देरी की संभावना कम हुई है।

धामी ने कहा कि वृद्धजनों का सम्मान, विधवा महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और दिव्यांगजनों का सशक्तीकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। पेंशन योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल देने के साथ सम्मानपूर्वक जीवन जीने में मदद कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वृद्धावस्था और दिव्यांगता के कारण दस्तावेजी औपचारिकताएं पूरी करने में परेशानी झेलने वाले करीब सात हजार लाभार्थियों को केंद्र सरकार के साथ समन्वय कर विशेष प्रावधानों के तहत आधार के अभाव में भी पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर महीने समय पर पेंशन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है। दीपावली से पहले लाभार्थियों तक पेंशन की धनराशि पहुंचाने के लिए भी विशेष प्रयास किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के संचालन में पारदर्शिता बनाए रखें और पात्र लाभार्थियों को किसी तरह की असुविधा न हो।

वृद्धावस्था पेंशन के सबसे अधिक लाभार्थी

अक्टूबर माह में वृद्धावस्था पेंशन के 6 लाख 24 हजार 616 लाभार्थियों को 93.69 करोड़ रुपये, विधवा पेंशन के 2 लाख 39 हजार 527 लाभार्थियों को 35.93 करोड़ रुपये और दिव्यांग पेंशन के 89 हजार 971 लाभार्थियों को 13.50 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए।

इसके अलावा किसान पेंशन के 27 हजार 92, परित्यक्ता पेंशन के 8 हजार 442, भरण-पोषण अनुदान के 7 हजार 461, तीलू रौतेली पेंशन के 2 हजार 248 और बौना पेंशन के 127 लाभार्थियों को भी धनराशि दी गई। इस तरह कुल 9 लाख 99 हजार 484 लाभार्थियों के खातों में 148.18 करोड़ रुपये पहुंचे।

कार्यक्रम में समाज कल्याण मंत्री खजान दास, अपर सचिव विक्रम यादव, निदेशक जनजाति कल्याण संजय टोलिया, संयुक्त सचिव धीरेंद्र सिंह, संयुक्त निदेशक गीताराम नौटियाल और सहायक निदेशक हेमलता पांडेय उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News