Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने दीपावली महोत्सव में की पत्रकारों के हित में दो घोषणाएं, कहा- लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की अहम भूमिका

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरांचल प्रेस क्लब की ओर से आयोजित दीपावली महोत्सव में प्रतिभाग कर पत्रकारों और प्रेस क्लब के सदस्यों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि प्रदेश में तहसील, जिला और राज्य स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही पत्रकारों को मिलने वाली पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ होने के साथ समाज और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। पत्रकार जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी नीतियों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के साथ आम लोगों की समस्याओं और अपेक्षाओं को सरकार के सामने रखते हैं। लोकतांत्रिक व्यवस्था को सशक्त बनाने में पत्रकारों की सक्रिय और रचनात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि पत्रकारिता समाज का दर्पण है। पत्रकारों से मिलने वाले सुझाव और प्रतिक्रिया से सरकार तथा प्रशासन को विकास कार्यों और योजनाओं के धरातल पर प्रभाव का आकलन करने में मदद मिलती है। देवर्षि नारद की संवाद परंपरा का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने दायित्वों का समर्पण और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन कर रहे हैं।

धामी ने कहा कि डिजिटल मंचों, सामाजिक माध्यमों और नई तकनीकों ने पत्रकारिता के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं पैदा की हैं। हालांकि, फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं का प्रसार बड़ी चुनौती भी है। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि के बाद सही, सटीक और निष्पक्ष जानकारी जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी और बढ़ गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों की समस्याओं और उनके हितों के प्रति संवेदनशील है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए विभिन्न स्तरों पर कदम उठाए गए हैं। मान्यता प्राप्त पत्रकारों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि सरकार पहले भी पत्रकार पेंशन में वृद्धि कर चुकी है। इसके अलावा पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि पांच करोड़ रुपये से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये की गई है। सरकार का प्रयास है कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए आवश्यक सुविधाएं और सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में मीडिया केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है। उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य को हासिल करने में पत्रकारों के सुझाव और रचनात्मक सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, उत्तरांचल प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News