Skip to main content

Nirbhik Nazar

दो माह तक प्रदेशभर में चलेगा ‘जल-कृषि समृद्धि अभियान’, जल संरक्षण और खेती को मिलेगा बढ़ावा

देहरादून। प्रदेश में जल संरक्षण, कृषि विकास और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए जलागम विभाग की ओर से दो माह तक राज्यव्यापी ‘जल-कृषि समृद्धि अभियान’ संचालित किया जाएगा। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि अभियान के तहत विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

कैड़ा ने बताया कि अभियान के दौरान निर्बल वर्ग के लाभार्थियों को सहायता, बीज वितरण, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के साथ गोष्ठियां तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। इन गतिविधियों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण और कृषि संबंधी कार्यों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

अभियान में उत्तराखंड जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना, ग्रीन एजी (जैफ-6) परियोजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के जलागम घटक 2.0 और स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी की गतिविधियों को शामिल किया गया है।

अभियान का शुभारंभ पिथौरागढ़ और हरिद्वार से किया जा चुका है। पिथौरागढ़ के यक्षवती नदी क्षेत्र में नदी उत्सव आयोजित किया गया। इसमें जनजागरूकता गतिविधियों, दीपदान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। वहीं, हरिद्वार की पीली पड़ाव ग्राम पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को बारानी कृषि परियोजना के तहत धान की सीधी बुवाई, गोबर गैस संयंत्र और अन्य गतिविधियों की जानकारी दी गई।

जलागम विभाग का यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ जल और कृषि संसाधनों के संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने पर केंद्रित रहेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News