Skip to main content

Nirbhik Nazar

अमित शाह की रैली में CM धामी का कांग्रेस पर हमला, जेनी कांड से लेकर राहुल और अखिलेश तक को घेरा

देहरादून। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे के दौरान परेड ग्राउंड में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर तीखे सियासी हमले किए। अपने संबोधन में धामी ने राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत का भी जिक्र किया। उन्होंने जेनी कांड और तंदूर कांड को लेकर कांग्रेस पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकारों के प्रयासों से उत्तराखंड का हर क्षेत्र में विकास हो रहा है, लेकिन कुछ राजनीतिक ताकतें विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करने के बजाय भय और टकराव का माहौल बनाने में जुटी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं को भड़काने, अफवाहें फैलाने और हिंसा को प्रोत्साहित करने का प्रयास कर रही है। धामी ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और असहमति जताना सभी का अधिकार है, लेकिन युवाओं को भड़काने की राजनीति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

चुनाव में हार पर ईवीएम और प्रक्रिया को ठहराते हैं जिम्मेदार

धामी ने कांग्रेस पर चुनावी नतीजों को लेकर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जब चुनाव परिणाम अनुकूल आते हैं तो व्यवस्था सही लगती है, लेकिन नतीजे पक्ष में नहीं आते तो ईवीएम और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने इसे लोकतंत्र के प्रति ईमानदारी नहीं बताया।

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर गढ़वाल और रुद्रपुर में भाजपा की ओर से आयोजित लोकतंत्र बचाओ और अराजकता हटाओ यात्राओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों में जनता का उत्साह देखकर स्पष्ट है कि लोग कांग्रेस के बहकावे में आने वाले नहीं हैं।

राहुल और अखिलेश के बयानों पर भी उठाए सवाल

मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस पर कांग्रेस नेता चुप रहते हैं। उन्होंने अखिलेश यादव के उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया बताने संबंधी बयान का जिक्र करते हुए कहा कि तब भी कांग्रेस के नेता कुछ नहीं बोलते। धामी ने कहा कि दूसरे देशों से अवैध रूप से भारत आने वालों को घुसपैठिया कहा जाता है, लेकिन कांग्रेस के सहयोगी दल के नेता उत्तराखंडवासियों के लिए इस तरह की टिप्पणी करते हैं।

जेनी और तंदूर कांड पर कांग्रेस को घेरा

धामी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए उत्तराखंड का मान-सम्मान और स्वाभिमान प्राथमिकता में नहीं है, बल्कि गठबंधन उसके लिए सबसे अहम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अंकिता भंडारी हत्याकांड में भाजपा सरकार से जवाब मांगती है, लेकिन अपने नेताओं से जुड़े तंदूर और जेनी कांड पर चुप्पी साध लेती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की राजनीति और उसके नेताओं को अच्छी तरह समझ चुकी है।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News