Skip to main content

Nirbhik Nazar

13 नवंबर से शुरू होगा चार दिवसीय छठ महापर्व, टपकेश्वर और चंद्रबनी समेत कई स्थानों पर होंगी पूजा की व्यवस्थाएं, BMS ने जारी किया 4 दिवसीय प्रोग्राम

देहरादून। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर देहरादून में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बिहारी महासभा ने प्रेसवार्ता कर पर्व के आयोजन और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी। महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से छठ पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की अपील की। उन्होंने लोगों से 10 नवंबर को आयोजित होने वाले छठ महोत्सव में शामिल होने का भी आग्रह किया।

ललन सिंह ने बताया कि चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। 14 नवंबर को खरना मनाया जाएगा। 15 नवंबर को श्रद्धालु डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ पर्व का समापन होगा।

उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर साल की तरह इस बार भी टपकेश्वर में छठ घाट की व्यवस्था की जाएगी। यहां पांच से सात हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा प्रेमनगर नदी क्षेत्र में भी व्यवस्थाएं की जाएंगी। चंद्रबनी कुंभ क्षेत्र में सात से आठ हजार श्रद्धालुओं के लिए इंतजाम किए जाएंगे।

महासभा की ओर से 10 नवंबर को गढ़ी कैंट स्थित हरबंस कपूर मेमोरियल हॉल में दो दिवसीय छठ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। इसमें छठी मैया की महिमा और पर्व की परंपराओं पर चर्चा होगी। कार्यक्रम में छठ पूजा से जुड़े परिवारों, आयोजन समितियों और शासन-प्रशासन के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। राज्यपाल और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। महोत्सव में भोजपुरी कलाकार देवी सिंह सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी।

प्रेसवार्ता में महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि छठ पर्व के प्रति श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए आयोजन स्थलों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News