Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी के आसार, ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ेगी ठंड

देहरादून। उत्तराखण्ड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। पर्वतीय क्षेत्रों की घाटियों में कहीं-कहीं हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। 3300 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। इससे पहाड़ों में ठंड बढ़ सकती है।

प्रदेश के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान है। पर्वतीय घाटियों में कोहरा छाने से सुबह और शाम के समय दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। दिन में हल्की गर्मी महसूस हुई, जबकि सुबह और रात के समय ठंड बनी रही।

राजधानी देहरादून में आसमान मुख्यतः साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

मौसम विभाग ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं को ऊंचाई वाले क्षेत्रों की यात्रा के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। बर्फबारी वाले इलाकों में जाने से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने और गर्म कपड़े साथ रखने की अपील की गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News