Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखण्ड स्थापना दिवस पर शहीदों को धामी का नमन, मोदी ने बताया विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने का क्षमता वाला प्रदेश

देहरादून। उत्तराखण्ड के 26वें स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पृथक राज्य के निर्माण के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले आंदोलनकारियों को पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। इस दौरान राज्य आंदोलनकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों से जुड़े ज्ञापन भी मुख्यमंत्री को सौंपे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड की 26 वर्षों की विकास यात्रा और आध्यात्मिक-सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए प्रदेश को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की क्षमता वाला राज्य बताया।

प्रधानमंत्री ने अपने पत्र में कहा कि नौ नवंबर 2000 को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प से उत्तराखण्ड अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। राज्य स्थापना की वर्षगांठ देवभूमि के लोगों के अदम्य साहस, अटूट स्वाभिमान और निरंतर प्रगति के संकल्प को नमन करने का अवसर है। राज्य गठन के समय जिन आकांक्षाओं के साथ उत्तराखण्ड का निर्माण हुआ था, प्रदेश आज उन्हें साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत का किया उल्लेख

प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि हिमालय की ऊंची चोटियों के बीच बसा यह प्रदेश प्रकृति के अनुपम सौंदर्य और आध्यात्मिक वैभव का संगम है। मां गंगा और यमुना जैसी पवित्र नदियों का उद्गम इसी धरती से होता है। पंच केदार, पंच प्रयाग और चारधाम की परंपरा उत्तराखण्ड को देश की आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र बनाती है।

उन्होंने कहा कि बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल से लेकर गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, जागेश्वर धाम और आदि कैलाश तक प्रदेश के पवित्र स्थल करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़े हैं।

देवभूमि से अपने पुराने जुड़ाव को किया याद

प्रधानमंत्री ने उत्तराखण्ड से अपने पुराने जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि संगठन के कार्यों के दौरान उन्होंने देवभूमि के अनेक क्षेत्रों में लंबा समय बिताया है। केदारनाथ की दिव्य गुफा में साधना, आदि कैलाश की आध्यात्मिक यात्रा, बुग्यालों का आशीर्वाद और माताओं-बहनों का स्नेह आज भी उनकी स्मृतियों में जीवंत है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनने की पूरी क्षमता रखता है। डबल इंजन की सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने अपने पत्र में राज्य के आधारभूत ढांचे के विस्तार, सीमांत क्षेत्रों के विकास और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का भी उल्लेख किया तथा राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की।

आंदोलनकारियों के संघर्ष से बना था अलग राज्य

उत्तर प्रदेश से अलग पर्वतीय राज्य उत्तराखण्ड के गठन के लिए लंबा आंदोलन चला था। इस संघर्ष में प्रदेश के आंदोलनकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कई आंदोलनकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। इसी संघर्ष और बलिदान की स्मृति में हर वर्ष स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री शहीद स्मारक पहुंचकर आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। इस बार भी मुख्यमंत्री ने शहीदों को नमन कर उनके संघर्ष और योगदान को याद किया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News