हरिद्वार: रेलवे ने कुंभ के आगामी शाही स्नान के लिए तैयारियां पूरी कर ली हैं। हरिद्वार के रेलवे स्टेशन पर दबाव को कम करने के लिए रेलवे ने 11 से 14 अप्रैल तक यहां आने वाली तमाम ट्रेनों को ज्वालापुर में भी रोकने की व्यवस्था कर दी है। साथ ही कोरोना संक्रमण में तेजी को देखते हुए कुंभ के लिए कोई नई ट्रेन नहीं चलाने का भी निर्णय लिया गया है। उत्तर रेलवे के जीएम आशुतोष गंगल ने कहा कि इस समय देश में कोरोना बहुत तेजी से पैर पसार रहा है। इसके चलते फिलहाल कोई नई ट्रेन नहीं चलाने का निर्णय लिया है।

उन्होंने बताया कि कुंभ के मद्देनजर स्टेशन परिसर में भीड़ को नियंत्रित करने समेत तमाम तैयारियां की गई हैं। कुंभ के दौरान मास्क न पहनने वालों के चालान किए जाएंगे। यात्रियों को कोई दिक्कत ना हो, इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। इस दौरान मुख्य रूप से डीआरएम तरुण प्रकाश, सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा आदि अधिकारी उपस्थित रहे।