Skip to main content

Nirbhik Nazar

गढ़ी कैंट में जवानों को देखकर धामी ने रुकवाया काफिला, मिठाई खिलाकर दी दीपावली की शुभकामनाएं

देहरादून। दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़ी कैंट क्षेत्र में सेना के जवानों से मुलाकात कर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। मुख्यमंत्री आवास लौटते समय सड़क पर सेना के जवानों को देखकर उन्होंने अपना काफिला रुकवा दिया। इसके बाद जवानों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीय मुलाकात की, कुशलक्षेम जाना और मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा और राष्ट्र की अखंडता बनाए रखने के लिए सैनिक दिन-रात पूरी निष्ठा, समर्पण और अदम्य साहस के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। जवानों के सतर्क पहरे और अटूट संकल्प के कारण ही देशवासी सुरक्षित वातावरण में अपने त्योहार मना पाते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब पूरा देश त्योहारों पर अपने परिवारों के साथ खुशियां मनाता है, तब अनेक सैनिक घर-परिवार से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा में तैनात रहते हैं। मां भारती की सेवा में समर्पित जवानों का त्याग, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनका समर्पण देश के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।

सैनिकों का सम्मान हर नागरिक का दायित्व

धामी ने सैनिकों के शौर्य, साहस और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि उनका सम्मान करना और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने जवानों के सुखद, स्वस्थ और सुरक्षित जीवन की कामना की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्रसेवा के संकल्प को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड वीरभूमि है और यहां के युवाओं की भारतीय सेना में गौरवशाली परंपरा रही है। प्रदेश का प्रत्येक नागरिक अपने सैनिकों और उनके परिवारों पर गर्व करता है। सैनिकों का साहस, त्याग और राष्ट्रप्रेम आने वाली पीढ़ियों को भी देशसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News