देहरादून। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। गढ़ी कैंट स्थित गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने पुस्तिका को प्रदेश की विकास यात्रा और जनकल्याणकारी योजनाओं का दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि यह पुस्तिका सरकार की उपलब्धियों का विवरण देने के साथ जनता के प्रति जवाबदेही और भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है।
मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि देते हुए आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में पृथक राज्य का सपना साकार हुआ। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
सड़क, रेल और हवाई संपर्क का हो रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका असर आम नागरिक के जीवन में दिखना चाहिए। गांव तक सड़क पहुंचने से स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच आसान होती है, विद्यालयों में बेहतर संसाधनों से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलते हैं और स्थानीय रोजगार से पलायन की समस्या कम होती है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना विकास को गति दे रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। इससे पर्यटन, व्यापार और रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
धामी ने कहा कि सरकार प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। किच्छा में एम्स के उपकेंद्र जैसी सुविधाओं के विकास से स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं और आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जी-20 बैठकों के सफल आयोजन से उत्तराखंड को वैश्विक पहचान मिली, जबकि 38वें राष्ट्रीय खेलों ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं और आयोजन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया। मानसखंड मंदिर माला मिशन, शीतकालीन यात्रा और नए पर्यटन स्थलों के विकास के जरिए पर्यटन को सालभर रोजगार और आजीविका से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार चाहती है कि पर्यटन का लाभ स्थानीय लोगों, होमस्टे संचालकों और छोटे कारोबारियों तक पहुंचे।
3.82 लाख करोड़ रुपये पहुंची अर्थव्यवस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के माध्यम से प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहन मिला है और निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारने के लिए काम किया जा रहा है। वर्ष 2025-26 के अनुमानों के अनुसार प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये है। वहीं, वर्ष 2026-27 का बजट एक लाख 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक विकास का लाभ किसानों, युवाओं, महिलाओं और स्थानीय उद्यमियों तक पहुंचे।
उन्होंने महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। गांवों में सुविधाएं और आजीविका के अवसर विकसित कर युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
समान नागरिक संहिता सहित कई कानूनों का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान, प्राकृतिक संपदा और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा भी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून और अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए इन्हें राज्य और नागरिकों के हित में लिए गए निर्णय बताया।
उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष देने के साथ आगे और काम करने की प्रेरणा भी देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर विकसित करने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने ‘अभी बहुत आगे हमें जाना है’ कविता की पंक्तियों के साथ राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखंड बनाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राज्य स्थापना दिवस पर भेजे गए शुभकामना संदेश का वाचन किया। समारोह में राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी और खजान दास, विधायक विनोद चमोली और सविता कपूर, महापौर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन और प्रशासन के अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।