Skip to main content

Nirbhik Nazar

सत्ता में आए तो गैरसैंण को बनाएंगे स्थायी राजधानी: गणेश गोदियाल

देहरादून। उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनी तो गैरसैंण को प्रदेश की स्थायी राजधानी बनाया जाएगा। राज्य स्थापना दिवस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्थल पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद यह संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आज भी शहीदों, राज्य आंदोलनकारियों और जनता के सपनों के अनुरूप नहीं बन पाया है।

गोदियाल ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों ने जिस परिकल्पना के साथ अलग राज्य के लिए संघर्ष किया था, उसे पूरा करने के लिए मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति की जरूरत है। यह लक्ष्य असंभव नहीं है। गैरसैंण को राजधानी बनाने के साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को उसकी ग्रामसभा के दायरे में रोजगार उपलब्ध कराना, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि राज्यहित के बजाय निजी हितों को ध्यान में रखकर किए जाने वाले समझौतों से प्रदेश के सम्मान को ठेस पहुंची है। गोदियाल ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अपने कार्यों को छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे में कांग्रेस की जिम्मेदारी बढ़ गई है कि वह सरकार के कामकाज को जनता के सामने रखे और लोगों को सच्चाई से अवगत कराए।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि इसी उद्देश्य से पार्टी ने अभियान शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला तो कांग्रेस गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाकर उत्तराखंड को राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में काम करेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News