Skip to main content

Nirbhik Nazar

बिहारी महासभा के छठ महोत्सव में उमड़ा आस्था का सैलाब, देवी सिंह के गीतों पर झूमे श्रद्धालु

देहरादून। बिहारी महासभा की ओर से कैंट स्थित हरवंशकपुर मेमोरियल सभागार में आयोजित छठ महोत्सव में आस्था और संस्कृति का संगम देखने को मिला। महोत्सव में देहरादून और आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में पूर्वांचल समाज के लोगों, व्रतियों और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। छठी मैया के जयकारों, पारंपरिक लोकगीतों और भक्ति संगीत से पूरा सभागार गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और छठी मैया की आरती के साथ हुआ।

महोत्सव का मुख्य आकर्षण भोजपुरी गायक देवी सिंह की प्रस्तुति रही। उन्होंने छठ गीत ‘केलवा के पात पर उगेलन सुरुज मल झांके झुके’ से कार्यक्रम की शुरुआत की। इसके बाद ‘छठी मैया के दरबार’, ‘मारबो रे सुगवा धनुष से’ और ‘कांच ही बांस के बहंगिया’ जैसे पारंपरिक गीत प्रस्तुत किए। करीब दो घंटे तक चली उनकी प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते और तालियां बजाते नजर आए।

कार्यक्रम में छठ पर्व की परंपराओं पर आधारित भव्य झांकी भी प्रस्तुत की गई। इसमें नहाय-खाय, खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य का सजीव चित्रण किया गया। कलाकारों ने सूर्य देव, छठी मैया और व्रतियों की झलक प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को पर्व की परंपरा से रूबरू कराया।

छठ आस्था, संस्कृति और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का पर्व

बिहारी महासभा के अध्यक्ष ललन सिंह ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, संस्कृति, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। इस पर्व में डूबते और उगते दोनों सूर्य को अर्घ्य दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की यह परंपरा अब देश-दुनिया में पहचान बना चुकी है। महासभा का उद्देश्य नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। उन्होंने छठ पर्व को सामाजिक समरसता का प्रतीक बताते हुए श्रद्धालुओं से घाटों की स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

महासभा के सचिव चंदन कुमार झा ने आयोजन की व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल, प्रकाश, ध्वनि और सुरक्षा की व्यवस्था की गई थी। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए विशेष इंतजाम किए गए। रात नौ बजे से भोजन और प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जिसमें हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। आपात स्थिति के लिए चिकित्सा व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।

प्रेमनगर घाट पर छठ पूजा की तैयारियां तेज

चंदन कुमार झा ने बताया कि प्रेमनगर घाट पर 15 और 16 नवंबर को होने वाली छठ पूजा की तैयारियां चल रही हैं। घाट पर खनन कार्य के कारण आ रही दिक्कतों को लेकर महासभा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। महासभा ने छठ पूजा तक खनन कार्य रोकने का अनुरोध किया है, ताकि श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और पूजा निर्विघ्न संपन्न हो सके।

कोषाध्यक्ष रितेश कुमार ने कहा कि महासभा सामाजिक और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में भी सक्रिय है। संरक्षक सत्येंद्र सिंह ने युवाओं से अपनी संस्कृति और परंपराओं को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। मंडल अध्यक्ष विनय कुमार, रवि यादव, गणेश साहनी और देवेंद्र कुमार सिंह ने भी आयोजन में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं और अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में महासभा के पदाधिकारियों के साथ पूर्वांचल समाज से जुड़े अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी, शिक्षक, चिकित्सक, अधिवक्ता और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों को अंगवस्त्र और प्रसाद देकर सम्मानित किया गया। अंत में छठी मैया की महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ महोत्सव का समापन हुआ। अध्यक्ष ललन सिंह और सचिव चंदन कुमार झा ने श्रद्धालुओं, अतिथियों, कलाकारों, मीडिया प्रतिनिधियों और पुलिस प्रशासन का आभार जताया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News