Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने हरिद्वार मे किया आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण, प्रदेश के 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को मिल रहा संरक्षण

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सप्तऋषि स्थित कामधेनुलोक भवन में आधुनिक कामधेनुलोक गौशाला का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय आस्था, संस्कृति और सामाजिक जीवन का अभिन्न अंग है। गौसंरक्षण केवल धार्मिक दायित्व नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की ओर से गौसेवा और मानव सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 72 पंजीकृत और नौ अनुबंधित गोसदनों के माध्यम से 16 हजार से अधिक निराश्रित गोवंश को संरक्षण दिया जा रहा है। इसके अलावा ग्राम्य गोसेवक योजना पायलट परियोजना के रूप में शुरू की गई है। शहरी विकास और पंचायती राज विभाग के सहयोग से प्रदेश में 63 स्थानों पर गौशाला निर्माण के लिए भूमि चिह्नित की गई है।

मुख्यमंत्री ने श्री कृष्णायन देसी गौरक्षाशाला की सेवा यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2010 में महज 11 गोवंश के संरक्षण से शुरू हुआ अभियान अब पांच राज्यों में 15 से अधिक गौशालाओं तक पहुंच चुका है। संस्था की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, वर्तमान में 35 हजार से अधिक गोवंश की देखरेख की जा रही है। अकेले हरिद्वार में हजारों निराश्रित, घायल, वृद्ध और बीमार गोवंश को आजीवन संरक्षण दिया जा रहा है। संस्था की पांच हाइड्रोलिक गौसेवा एंबुलेंस अब तक पांच हजार से अधिक गोवंश को बचाकर सुरक्षित आश्रय तक पहुंचा चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि संस्था गौसेवा के साथ मानव सेवा में भी सक्रिय है। प्रतिदिन 1,500 से अधिक जरूरतमंद लोगों को भोजन कराने के साथ जरूरतमंद परिवारों को राशन और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। गोवंश के लिए चिकित्सा, चारे और पौष्टिक आहार की व्यवस्था भी की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के आधुनिकीकरण, निराश्रित गोवंश की देखरेख और गौ आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के लिए काम कर रही है। बद्री गाय के शुद्ध घी और अन्य दुग्ध उत्पादों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष ग्रोथ सेंटर स्थापित किए गए हैं। चमोली जिले में तीन ग्रोथ सेंटर संचालित हैं। इससे स्थानीय पशुपालकों और ग्रामीण महिलाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कृषि में मशीनों का उपयोग बढ़ने से गोवंश, विशेषकर नंदियों की पारंपरिक उपयोगिता प्रभावित हुई है। ऐसे में निराश्रित गोवंश का संरक्षण बड़ी चुनौती बन गया है। इसके लिए केवल गौशालाओं का निर्माण पर्याप्त नहीं है, बल्कि गोवंश को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद, बायोगैस और कृषि आधारित गतिविधियों से जोड़ना भी जरूरी है। इससे किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गौसेवा केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। गोवंश के प्रति क्रूरता और गौहत्या जैसी गैरकानूनी गतिविधियों पर कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देसी नस्लों के संरक्षण और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के प्रयासों का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले की तैयारियों का जिक्र करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क, पुल, संपर्क मार्ग और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है। सुरक्षा, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं के साथ आधुनिक तकनीक आधारित भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था विकसित की जा रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि कामधेनुलोक गौशाला गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक पर्यटन के समन्वय का मॉडल बनेगी।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल और प्रीतम सिंह पंवार सहित संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News