Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में बंद पड़ी 12  आईटीआई अगले शैक्षिक सत्र से खुलेंगी, शासन ने दिए संचालन के निर्देश

देहरादून। प्रदेश में बंद पड़े 12 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) आगामी शैक्षिक सत्र से संचालित किए जाएंगे। शासन ने इन संस्थानों को शुरू करने के लिए सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इन संस्थानों के खुलने से संबंधित क्षेत्रों के युवाओं को व्यावसायिक और तकनीकी प्रशिक्षण के अवसर मिल सकेंगे।

संचालित किए जाने वाले संस्थानों में पिथौरागढ़ जिले के थल और बढ़ावे, पौड़ी गढ़वाल के द्वारीखाल और पौड़ी (परसुंडाखाल), चमोली के देवाल और घाट, चंपावत के बाराकोट, हरिद्वार के लालढांग, देहरादून के लाखामंडल, बागेश्वर के गरुड़, टिहरी गढ़वाल के रणाकोट और ऊधमसिंह नगर के किच्छा स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान शामिल हैं।

इस संबंध में कौशल विकास एवं सेवायोजन सचिव सी. रविशंकर ने प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशालय, नैनीताल के निदेशक को पत्र भेजकर निर्देश दिए हैं। शासन ने संस्थानों के संचालन और बंद किए जाने से जुड़े प्रस्तावों तथा उपलब्ध तथ्यों का परीक्षण करने के बाद इन 12 संस्थानों को आगामी शैक्षिक सत्र से शुरू करने का निर्णय लिया है।

सचिव ने संस्थानों के संचालन से जुड़ी सभी औपचारिकताएं निर्धारित समय में पूरी कराने को कहा है। शासन के अनुसार, इन संस्थानों के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र के आसपास ही तकनीकी और व्यावसायिक प्रशिक्षण मिल सकेगा। इससे कौशल विकास के साथ रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News