देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने देहरादून स्थित टपकेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित छठ पूजा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की उत्तराखंड सह प्रभारी एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की पूजा-अर्चना की।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने छठी मैया की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने सभी को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति और लोक आस्था का एक महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व आस्था, श्रद्धा, अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है। सूर्य उपासना के माध्यम से यह पर्व हमें प्रकृति के सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और लोककल्याण का संदेश देता है।

गणेश जोशी ने कहा कि छठी मैया और सूर्य देव की उपासना से जुड़ा यह पावन पर्व समाज में एकता, भाईचारे और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि भारत की विविधतापूर्ण संस्कृति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और सभी पर्व-त्योहार समाज को आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता के सूत्र में बांधते हैं।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने टपकेश्वर महादेव मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की। इस अवसर पर भाजपा की उत्तराखंड सह प्रभारी एवं लोकसभा सांसद बांसुरी स्वराज, भाजपा प्रदेश मंत्री नेहा जोशी, बिहारी महासभा के अध्यक्ष लल्लन सिंह, सचिव चंदन कुमार, जितेंद्र कुमार, सतेंद्र कुमार, प्रभात कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष राजीव गुरुग सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।