Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में प्रशासनिक फेरबदल, छह आईएएस अधिकारियों के विभाग बदले गए

देहरादून। उत्तराखण्ड शासन ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के छह अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस फेरबदल में कुछ अधिकारियों से विभाग वापस लिए गए हैं, जबकि कुछ को अतिरिक्त प्रभार सौंपे गए हैं। नितेश कुमार झा से पंचायती राज विभाग की जिम्मेदारी वापस ली गई है, जबकि उमेश नारायण को इस विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सभी संबंधित अधिकारियों को तत्काल नई जिम्मेदारी संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सचिव शहरी विकास एवं पंचायती राज नितेश कुमार झा से सचिव पंचायती राज का दायित्व वापस ले लिया गया है। अब उनके पास केवल सचिव शहरी विकास विभाग की जिम्मेदारी रहेगी।

सचिव कौशल विकास एवं सेवायोजन, वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन सी. रविशंकर को सचिव सैनिक कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, सचिव संस्कृति, सैनिक कल्याण एवं सचिवालय प्रशासन तथा महानिदेशक संस्कृति युगल किशोर पंत से सैनिक कल्याण विभाग का दायित्व वापस ले लिया गया है।

सचिव पुनर्गठन एवं भाषा विभाग तथा निदेशक उत्तराखण्ड सामाजिक अंकेक्षण, जवाबदेही एवं पारदर्शिता अभिकरण उमेश नारायण को सचिव पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

अपर सचिव लोक निर्माण, श्रम, आयुष एवं आयुष शिक्षा विनीत कुमार की जिम्मेदारियों में भी विस्तार किया गया है। उन्हें पूर्व के दायित्वों के साथ निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, दीप्ति सिंह से निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, देहरादून और प्रबंध निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण निगम का प्रभार वापस ले लिया गया है। उनके पास अब निदेशक खेल और युवा कल्याण की जिम्मेदारी रहेगी।

अपर सचिव नवनीत पांडे ने संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार से कार्यमुक्त होकर नई तैनाती वाले विभागों में तत्काल कार्यभार ग्रहण करने और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News