Skip to main content

Nirbhik Nazar

पीपलकोटी में मातृशक्ति सम्मेलन, CM धामी ने महिलाओं को सम्मानित किया, 149.77 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ा रही है। बैणी-भुली योजना के तहत प्रदेश की पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। योजना की पहली किस्त दिसंबर में जारी की जाएगी।

मुख्यमंत्री मंगलवार को पीपलकोटी में आयोजित मातृशक्ति सम्मेलन में शामिल हुए। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वाद्ययंत्रों, कलश यात्रा और पुष्पवर्षा से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने रोड शो के दौरान जनसमूह का अभिवादन स्वीकार किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने उन्हें श्री नंदा देवी राजजात की हस्तनिर्मित पेंटिंग भेंट की।

सम्मेलन स्थल पर लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने महिलाओं के साथ सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक पीसा, जांदरा से अनाज पीसा और मथानी से दही मथा। इस दौरान उन्होंने पहाड़ की लोकसंस्कृति और पारंपरिक जीवनशैली से अपने जुड़ाव को प्रदर्शित किया।

महिलाएं पहाड़ की अर्थव्यवस्था की आधारशिला

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति उत्तराखण्ड की सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक प्रगति की आधारशिला है। पहाड़ की महिलाएं परिवार के पालन-पोषण के साथ कृषि, पशुपालन, पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। चमोली की धरती से शुरू हुए ऐतिहासिक चिपको आंदोलन में गौरा देवी और उनकी साथी महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण का जो संदेश दिया, वह आज भी दुनिया के लिए प्रेरणा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए अनेक पहल की गई हैं। उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण से महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। प्रदेश सरकार भी सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण प्रदान कर रही है। समान नागरिक संहिता लागू कर महिलाओं के समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

बेटियों को जन्म से शिक्षा तक आर्थिक सहायता

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों को जन्म से लेकर उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता तक हर स्तर पर सहयोग दे रही है। नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपये और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में चमोली जिले के नौ विकासखंडों में 900 से अधिक अत्यंत गरीब परिवारों की महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है।

बैणी-भुली योजना के तहत पांच लाख से अधिक महिलाओं को आर्थिक संबल दिया जाएगा। प्रोत्साहन राशि दो किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। पहली किस्त दिसंबर में जारी होगी। स्वयं सहायता समूहों, स्वरोजगार योजनाओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देकर महिलाओं की आजीविका के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं।

उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मान

मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया। महिला मंगल दल मैडठैली की अध्यक्ष उत्तरा देवी और महिला मंगल दल पाखी की अध्यक्ष मीना देवी को पर्यावरण संरक्षण, श्रमदान, अल्प बचत और नशामुक्ति कार्यक्रमों में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

मधुमक्खी पालन के लिए भुवना देवी, खेती के लिए रामेश्वरी देवी, बांस उत्पाद निर्माण के लिए उषा देवी और प्राकृतिक खेती के लिए लीला देवी को सम्मानित किया गया। कृषि क्षेत्र में माहेश्वरी देवी, अनुसूया कुंवर और बिमला देवी, खेल क्षेत्र में निशा एवं स्वाति बड़वाल तथा लखपति दीदी के रूप में निरजा, रामेश्वरी देवी और अनीता देवी को सम्मान मिला।

हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं, कवयित्री सुरभी देवी और मांगल गीत गायिका नन्दा सती को भी सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। इनमें पॉलीहाउस, कृषि, पशुपालन, अटल आवास और अनुसूचित जाति पुत्री शादी अनुदान योजना के लाभार्थी शामिल रहे। मिलेट्स उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को जिला स्तरीय किसान भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

30 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले में 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। योजनाओं में सड़क, पुल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

शिलान्यास की प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी और थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्गों का सुधारीकरण, हापला-मसौली से गुडम नैल तथा ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग निर्माण शामिल हैं।

लोकार्पित योजनाओं में आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर और उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं एवं कक्षा-कक्षों और आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से संबंधित कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग और त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, पीपलकोटी नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, दर्जा मंत्री ऋषि प्रसाद सती एवं रामचंद्र गौड़, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News