Skip to main content

Nirbhik Nazar

लखनऊ में ‘उत्तराखण्ड महोत्सव 2026’ में शामिल हुए CM धामी, प्रवासियों से किया संस्कृति से जुड़े रहने का आहवान

लखनऊ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तर प्रदेश में रह रहे प्रवासी उत्तराखण्डियों से अपनी संस्कृति, परंपराओं, लोकभाषा और सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विशिष्ट जीवनशैली में निहित है। भौगोलिक रूप से कहीं भी रहने के बावजूद अपनी मातृभूमि, बोली-भाषा और सांस्कृतिक विरासत के प्रति जुड़ाव बनाए रखना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने लखनऊ स्थित पंडित गोविंद बल्लभ पंत सांस्कृतिक उपवन में उत्तराखण्ड महापरिषद की ओर से आयोजित उत्तराखण्ड महोत्सव-2026 में प्रतिभाग किया। उन्होंने कहा कि अपनी जड़ों से जुड़ाव भावी पीढ़ियों को अपनी पहचान और विरासत से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य धरोहर हैं और अपनी मेहनत, प्रतिभा व कार्यकुशलता से देश-विदेश में उत्तराखण्ड का नाम रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने प्रवासियों से अपने गांवों, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन स्थलों और सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के विकास में योगदान देने की अपील की। कहा कि प्रदेश सरकार प्रवासी उत्तराखण्डियों को मातृभूमि से जोड़ने और राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से पिछले तीन वर्षों से प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनके माध्यम से प्रवासियों के अनुभव, ज्ञान, कौशल और निवेश का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास किया जा रहा है।

दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड के संबंधों को सहोदर भाइयों जैसा बताते हुए कहा कि दोनों राज्यों के बीच केवल भौगोलिक और प्रशासनिक संबंध ही नहीं, बल्कि सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और भावनात्मक जुड़ाव भी है। दोनों राज्यों की प्रगति एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकास, सुशासन, आधारभूत ढांचे और निवेश के क्षेत्र में हो रहे कार्यों की सराहना की।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक विकास, पर्यटन, कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक पारदर्शिता को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रयास किए जा रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने वाला महत्वपूर्ण प्रकल्प है। उन्होंने गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक जोड़ने का अनुरोध किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे उत्तराखण्ड को भी लाभ मिलेगा और दोनों राज्यों के बीच आवागमन, व्यापार, पर्यटन तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश में निवेश के बढ़ते अवसरों और पर्यटन क्षेत्र में करीब 38 हजार करोड़ रुपये के निवेश का उल्लेख करते हुए कहा कि यह प्रदेश की आर्थिक संभावनाओं और निवेश के अनुकूल वातावरण को दर्शाता है।

उत्तराखण्ड में विकास परियोजनाओं से बदलेगी तस्वीर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखण्ड में विकास की अनेक महत्वाकांक्षी परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। केदारनाथ धाम में पुनर्निर्माण और बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत श्रद्धालुओं की सुविधाओं, आध्यात्मिक वातावरण और आधारभूत संरचनाओं का विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे से दोनों शहरों के बीच आवागमन सुगम होगा। इससे पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क संपर्क का विस्तार और रोपवे परियोजनाएं राज्य के विकास को नई दिशा प्रदान करेंगी।

चारधाम यात्रा और पर्यटन से रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए, जबकि हेमकुंड साहिब में करीब 3.90 लाख श्रद्धालु पहुंचे। आदि कैलाश यात्रा में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों ने भाग लिया।

उन्होंने कहा कि सरकार चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के साथ यात्रियों की सुविधाओं का विस्तार कर रही है। शीतकालीन यात्रा को भी नई पहचान दी जा रही है, ताकि वर्षभर पर्यटन गतिविधियां संचालित हों और स्थानीय युवाओं, होमस्टे संचालकों, होटल व्यवसायियों, परिवहन कारोबारियों तथा छोटे व्यापारियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर मिलें।

मुख्यमंत्री ने बाबा नीम करौली महाराज से जुड़े धार्मिक स्थलों को जोड़कर आध्यात्मिक पर्यटन सर्किट विकसित करने की योजना का भी उल्लेख किया। कैंची धाम सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। पर्यटन नीति के तहत इको टूरिज्म, साहसिक पर्यटन, वेलनेस टूरिज्म, होमस्टे और ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि पर्यटन का लाभ दूरस्थ पर्वतीय गांवों तक पहुंचे।

भू-कानून और नकल विरोधी कानून से प्रदेश के हितों की रक्षा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास के साथ सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और प्रदेश की विशिष्ट पहचान को संरक्षित करने के लिए प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक समानता और न्याय की दिशा में पहल की गई है। प्रदेश के हितों और स्थानीय नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए सख्त भू-कानून लागू किया गया है।

उन्होंने कहा कि नकल माफिया पर अंकुश लगाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ी है और युवाओं को योग्यता के आधार पर रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। राज्य सरकार हजारों युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दे चुकी है।

महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रोत्साहन, मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना और लखपति दीदी योजना जैसी पहलों के माध्यम से महिला सशक्तीकरण को मजबूती दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त प्रावधानों का उल्लेख किया। उन्होंने मदरसा बोर्ड समाप्त करने तथा अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ कार्रवाई का भी जिक्र किया।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के सहयोग से उत्तराखण्ड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में महत्वपूर्ण योगदान देगा।

कार्यक्रम में उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि, स्थानीय नागरिक और बड़ी संख्या में प्रवासी उत्तराखण्डी उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News