Skip to main content

Nirbhik Nazar

मुख्यमंत्री आवास में इगास की धूम, CM धामी ने खेला भैलो, लोक संस्कृति के रंग में रंगा समारोह

देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल पर प्रदेशभर में आयोजन हुए। मुख्यमंत्री आवास में संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित मुख्य समारोह में गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी संस्कृति की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पारंपरिक तरीके से भैलो खेलकर लोकपर्व की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, प्रदीप बत्रा और सुबोध उनियाल समेत कई नेता मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को इगास और बूढ़ी दीपावली की बधाई दी। उन्होंने कहा कि लोक संस्कृति और परंपराएं देवभूमि की पहचान हैं। किसी भी राज्य की लोक संस्कृति उसकी आत्मा होती है। इगास जैसे पर्व लोक परंपराओं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं।

धामी ने कहा कि इगास पर लोग अपनी परंपराओं के साथ पैतृक गांवों से भी जुड़ें, इसी उद्देश्य से राज्य में इस पर्व पर सार्वजनिक अवकाश की परंपरा शुरू की गई है। युवा पीढ़ी को लोक संस्कृति और लोकपर्वों से जोड़ने के प्रयास किए जाने चाहिए। उन्होंने प्रवासी उत्तराखंडवासियों से भी अपने गांवों में इगास मनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

संस्कृति विकास परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट ने बताया कि इगास उत्तराखंड की पौराणिक परंपरा से जुड़ा पर्व है। मान्यता के अनुसार, भगवान राम के वनवास से लौटकर अयोध्या पहुंचने की सूचना उत्तराखंड में 11 दिन बाद मिली थी। इसी मान्यता के चलते दीपावली के 11वें दिन इगास मनाने की परंपरा है। उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के अलग-अलग क्षेत्रों में भी विभिन्न रूपों में मनाया जाता है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News