Skip to main content

Nirbhik Nazar

अनिल बलूनी के दिल्ली आवास पर रही इगास की धूम, अमित शाह ने अग्नि प्रज्वलित कर किया शुभारंभ

दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड के लोकपर्व इगास बग्वाल की रौनक दिल्ली में भी देखने को मिली। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी के आवास पर आयोजित समारोह में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शिरकत की। उन्होंने अग्नि प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में बाबा रामदेव सहित कई साधु-संत और गणमान्य लोग शामिल हुए। पारंपरिक परिधानों में सजे लोक कलाकारों ने लोकगीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पहाड़ की लोकसंस्कृति की छटा बिखेरी।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और प्रयासों से उत्तराखंड की समृद्ध लोक परंपरा इगास को देशभर में नई पहचान और सम्मान मिला है। आज यह पर्व उत्तराखंड तक सीमित नहीं है, बल्कि देश-विदेश में पहाड़ की संस्कृति, विरासत और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बन रहा है। उन्होंने कामना की कि उत्तराखंड भैलो की रोशनी, ढोल-दमाऊं की थाप और पहाड़ की आत्मीयता से जगमगाता रहे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अनिल बलूनी के आवास पहुंचकर उन्हें इगास यानी बूढ़ी दीपावली की बधाई दी। उन्होंने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि इगास उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, पारंपरिक विरासत और लोक आस्थाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह अपनी सांस्कृतिक पहचान और पूर्वजों से मिली परंपराओं को संजोने का संदेश देता है।

धामी ने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व सामाजिक एकता, सामूहिकता और आपसी प्रेम के प्रतीक हैं। इनके माध्यम से नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, मिट्टी और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। राज्य सरकार लोक संस्कृति, लोककला, लोकभाषाओं और पारंपरिक त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। ऐसे पर्वों को प्रोत्साहन देने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया में नई पहचान मिल रही है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और धन सिंह रावत सहित कई नेता मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News