Skip to main content

Nirbhik Nazar

चिन्यालीसौड़ में महिलाओं ने शुरू किया ‘हिमालयन भोजनालय’, मुख्य सचिव ने किया उद्घाटन

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भरता की नई मिसाल पेश कर रही हैं। इसी कड़ी में रीप परियोजना के अंतर्गत चिन्यालीसौड़ के नगुण बैरियर के पास गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थापित ‘हिमालयन भोजनालय’ का मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने उद्घाटन किया। इस भोजनालय का संचालन सीता स्वयं सहायता समूह की महिलाएं कर रही हैं।

उद्घाटन के बाद मुख्य सचिव ने समूह की महिलाओं से बातचीत कर उनके व्यवसाय और आमदनी की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित होने के कारण यहां यात्रियों का लगातार आना-जाना रहता है। पुलिस बैरियर के पास वाहनों के रुकने और समीप पार्क होने से स्थानीय लोग भी शाम के समय भोजनालय पहुंचते हैं। इससे उन्हें अच्छी आमदनी हो रही है।

महिलाओं के मुताबिक, रीप परियोजना ने भोजनालय शुरू करने में सहयोग दिया। परियोजना की मदद से बैंक ऋण भी उपलब्ध कराया गया, जिससे वे अपना व्यवसाय शुरू कर सकीं। अब उन्हें बड़े आयोजनों और अन्य अवसरों पर भोजन तैयार करने के ऑर्डर भी मिल रहे हैं। समूह की महिलाओं ने कहा कि इस पहल से उन्हें रोजगार के साथ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

परियोजना प्रबंधन के अनुसार, रीप के तहत प्रदेशभर में इस तरह के भोजनालय विकसित किए जा रहे हैं। इन्हें एक समान पहचान देने के लिए ‘हिमालयन भोजनालय’ नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्थानीय और पारंपरिक भोजन उपलब्ध कराने के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना और उनकी आजीविका मजबूत करना है। जिला प्रशासन भी ऐसे रोजगार मॉडल को बढ़ावा देने के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध करा रहा है।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, ताकि वे अपनी आजीविका बढ़ा सकें।

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, मुख्य विकास अधिकारी राहुल आनंद, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला परियोजना प्रबंधक रीप कपिल उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी और स्वयं सहायता समूह की महिलाएं मौजूद रहीं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News