Skip to main content

Nirbhik Nazar

मातृभाषा के लिए आगे आएं, जनगणना में गढ़वाली-कुमाऊंनी जरूर दर्ज कराएं – नरेंद्र सिंह नेगी

देहरादून। उत्तराखंड की लोकभाषाओं को संवैधानिक पहचान दिलाने की मुहिम को लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी ने भी आवाज दी है। गढ़ रत्न नरेंद्र सिंह नेगी ने वीडियो संदेश जारी कर प्रदेशवासियों से आगामी जनगणना में अपनी मातृभाषा का नाम दर्ज कराने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी और जौनपुरी बोलने वालों से जनगणना के कॉलम 14 में अपनी मातृभाषा स्पष्ट रूप से भरने का आग्रह किया है।

नरेंद्र सिंह नेगी ने अपने संदेश में कहा कि 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना की प्रक्रिया चलेगी। सभी गढ़वाली भाई-बहनों से अपील है कि वे स्वगणना के दौरान मातृभाषा वाले कॉलम में अपनी भाषा का नाम जरूर दर्ज करें। जो लोग स्वगणना नहीं कर पाएंगे, वे एक दिसंबर से घर-घर पहुंचने वाले जनगणना कर्मियों को अपनी मातृभाषा गढ़वाली, कुमाऊंनी, जौनसारी या जौनपुरी बताएं।

उन्होंने कहा कि अपनी भाषा बोलने वालों की संख्या दर्ज होना जरूरी है। जनगणना में अधिक संख्या सामने आने से इन भाषाओं को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल कराने की मांग को मजबूती मिल सकती है।

30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से घर-घर गणना

उत्तराखंड में 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 30 नवंबर तक चलेगी। इसके बाद एक दिसंबर से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर लोगों से जानकारी जुटाएंगे। इस बार जनगणना डिजिटल माध्यम से की जा रही है। इसमें जाति से संबंधित जानकारी भी जुटाई जानी है। निर्धारित प्रश्नों में व्यक्ति की व्यक्तिगत जानकारी, परिवार, शिक्षा, रोजगार, प्रवास, मातृभाषा और अन्य विषयों से जुड़े सवाल शामिल हैं।

जनगणना में मातृभाषा का विवरण भी दर्ज किया जाएगा। ऐसे में नरेंद्र सिंह नेगी ने लोगों से अपील की है कि वे इस कॉलम को खाली न छोड़ें और अपनी वास्तविक मातृभाषा का नाम दर्ज कराएं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News