Skip to main content

Nirbhik Nazar

हरिद्वार में आज से भाजपा का चुनावी मंथन, राजनाथ सिंह समेत जुटेंगे दिग्गज; तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य

हरिद्वार। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने के लिए भाजपा आज से हरिद्वार में दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करने जा रही है। बैठक में पार्टी लगातार तीसरी बार प्रदेश की सत्ता में वापसी के लक्ष्य के साथ संगठन की आगामी कार्ययोजना और चुनावी रणनीति पर मंथन करेगी। इसमें केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रदेश प्रभारी राम माधव, सह प्रभारी अरविंद मेनन और बांसुरी स्वराज, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट तथा प्रदेश महामंत्री संगठन फणींद्रनाथ शर्मा समेत करीब 900 पदाधिकारी और वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।

भाजपा नेता कुंदन परिहार के मुताबिक, पहले दिन सुबह नौ बजे कार्यसमिति के कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। सुबह 11 बजे संयुक्त मोर्चों और प्रकोष्ठों की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता शामिल होंगे। बैठकों में अब तक किए गए संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत वरिष्ठ नेता भी इन बैठकों में मौजूद रहेंगे।

पदाधिकारियों से अपने-अपने संगठनात्मक कार्यक्रमों और गतिविधियों की पूरी जानकारी के साथ पहुंचने को कहा गया है। पहले दिन शाम को प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी। इसमें संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी।

22 नवंबर को मुख्य बैठक, राजनाथ सिंह करेंगे संबोधित

22 नवंबर को विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति की मुख्य बैठक आयोजित होगी। इसमें प्रदेश के विस्तारक, विधानसभा प्रभारी, पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और अन्य अपेक्षित कार्यकर्ताओं सहित करीब 1,800 नेता शामिल होंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी हरिद्वार पहुंचकर बैठक को संबोधित करेंगे।

बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने तथा विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष जोर रहेगा। पार्टी नेतृत्व चुनाव से पहले संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय करेगा।

कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने हरिद्वार में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा जिले की सभी 11 विधानसभा सीटों पर बेहतर प्रदर्शन करेगी। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में हरिद्वार जिले की 11 सीटों में से भाजपा केवल तीन सीटों पर जीत दर्ज कर सकी थी। ऐसे में जिले में पार्टी का प्रदर्शन सुधारना भी आगामी चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News