Skip to main content

Nirbhik Nazar

दिल्ली के व्यापार मेले में दिखी उत्तराखंड की लोककला और उत्पादों की झलक, धामी ने किया पवेलियन का शुभारंभ

नई दिल्ली। भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 में उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक शिल्पकला और स्थानीय उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में आयोजित उत्तराखंड दिवस समारोह में प्रतिभाग कर राज्य के पवेलियन का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न जनपदों से आए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और पारंपरिक कलाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में लगे स्टॉलों का भ्रमण कर कारीगरों, शिल्पकारों, स्वयं सहायता समूहों और उद्यमियों से उनके उत्पादों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय स्तर पर तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक शिल्पकला में आर्थिक विकास की बड़ी संभावनाएं हैं। ये उत्पाद प्रदेश की पहचान होने के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका का महत्वपूर्ण माध्यम भी हैं।

धामी ने कहा कि भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे आयोजन उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का अवसर देते हैं। इनके माध्यम से कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, विपणन और नए बाजारों से जुड़ने का मंच मिलता है। इससे उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और पारंपरिक कौशल को संरक्षण देने के प्रयास किए जा रहे हैं। ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘लोकल टू ग्लोबल’ की भावना के अनुरूप राज्य सरकार भी उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय उद्यमों को नई पहचान दिलाने के लिए काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक तकनीक, बेहतर पैकेजिंग, गुणवत्ता संवर्धन और प्रभावी विपणन के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाया जाए। इससे स्थानीय उत्पादकों की आय बढ़ेगी और युवाओं तथा महिलाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, विशिष्ट भौगोलिक परिस्थितियों और पारंपरिक ज्ञान पर आधारित उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने पवेलियन में शामिल कारीगरों, उद्यमियों और उत्पादकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड के उत्पादों को व्यापक पहचान दिलाने के साथ प्रदेश को आर्थिक और व्यावसायिक रूप से मजबूत बनाने में मददगार होंगे।

समारोह में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, विधायक भरत सिंह चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News