Skip to main content

Nirbhik Nazar

विश्व मात्स्यिकी दिवस: गंगा में छोड़े गए 10 हजार मत्स्य बीज, CM धामी ने अमरापुर घाट पर किया संचयन

हरिद्वार। विश्व मात्स्यिकी दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हरिद्वार के अमरापुर घाट पर गंगा नदी में 10 हजार मत्स्य बीजों का संचयन किया। मत्स्य विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य गंगा की प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण और संवर्धन करने के साथ जलीय जैव विविधता को बढ़ावा देना तथा नदी के पारिस्थितिक संतुलन के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि मां गंगा आस्था, संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक होने के साथ समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक संसाधनों का महत्वपूर्ण आधार भी हैं। गंगा की निर्मलता, अविरलता और प्राकृतिक स्वरूप बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नदियों में रहने वाले जलीय जीवों और प्राकृतिक मत्स्य संपदा का संरक्षण पर्यावरण संतुलन के लिए जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन के लिए लगातार प्रयास कर रही है। नदियों में उपयुक्त प्रजातियों के मत्स्य बीजों का संचयन प्राकृतिक मत्स्य संपदा बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इससे जलीय पारिस्थितिकी के संरक्षण के साथ मत्स्य संसाधनों के सतत विकास को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी जरूरी है। मुख्यमंत्री ने लोगों से गंगा सहित प्रदेश की सभी नदियों को स्वच्छ रखने, जल प्रदूषण रोकने और जलीय जीवों के प्राकृतिक आवासों के संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्र, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी सहित मत्स्य विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News