Skip to main content

Nirbhik Nazar

देहरादून में कांग्रेस की अहम बैठक, सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं से लिया फीडबैक, राहुल-प्रियंका के दौरों पर भी चर्चा

देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस ने आगामी राजनीतिक गतिविधियों और संगठन की मजबूती को लेकर रणनीति बनाने की कवायद तेज कर दी है। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के छह दिवसीय प्रदेश दौरे के बाद रविवार को देहरादून में वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक हुई। सैलजा की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों से मिले फीडबैक के आधार पर संगठन की आगे की रणनीति पर चर्चा की गई। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरों को लेकर भी विचार-विमर्श हुआ।

बैठक के बाद कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी में समय-समय पर इस तरह की बैठकें होती रहती हैं। प्रदेश के हालात और संगठन से जुड़े विषयों पर वरिष्ठ नेता आपस में चर्चा करते हैं। उन्होंने कहा कि सभी नेता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं। कार्यकर्ताओं में भी उत्साह है। सैलजा ने दावा किया कि उत्तराखंड में जिला और ब्लॉक स्तर तक कांग्रेस सक्रिय है।

बैठक में भाजपा सरकार के कार्यकाल के दौरान सामने आए अनाचार, अत्याचार, भ्रष्टाचार और जनहित से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस नेताओं ने इन विषयों को जनता के बीच प्रभावी ढंग से उठाने और प्रदेशभर में संगठन को सक्रिय करने की रणनीति पर मंथन किया।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि कुमारी सैलजा ने अपने प्रदेश दौरे के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में जाकर जमीनी स्थिति का फीडबैक लिया है। वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक में सरकार के कामकाज और आगामी राजनीतिक अभियानों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि सैलजा ने अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कई निर्देश दिए हैं। इन्हीं के आधार पर आगे की रूपरेखा तैयार की जा रही है, ताकि जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा सके और संगठन को प्रदेशभर में सक्रिय किया जा सके।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News