Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: हिमालय की पगडंडियों पर दौड़ेंगी साइकिलें, सात दिन में 658 किलोमीटर का सफर तय करेंगे 12 राज्यों के साइकिलिस्ट

देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन गतिविधियों को सालभर बढ़ावा देने और पहाड़ी क्षेत्रों को साहसिक पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी है। इसी कड़ी में राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर अल्टीमेट उत्तराखंड हिमालयन एमटीबी चैलेंज 2026 आयोजित किया जा रहा है। 20 से 26 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में 12 राज्यों के करीब 100 साइकिलिस्ट हिस्सा लेंगे। प्रतिभागी सात दिनों में उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर 658 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और पर्यटन विभाग की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के करीब 10 जिलों के प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी मार्गों और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। कई वर्षों के अंतराल के बाद इस प्रतियोगिता का आयोजन दोबारा किया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2017-18 के आसपास इस तरह की प्रतियोगिता हुई थी।

पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए यह आयोजन फिर शुरू किया जा रहा है। उनका कहना है कि उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की व्यापक संभावनाएं हैं और ऐसे आयोजनों से देश-दुनिया के पर्यटकों को राज्य की ओर आकर्षित किया जा सकता है।

मुक्तेश्वर से मसूरी तक तय होगा सफर

प्रतियोगिता की शुरुआत 20 नवंबर को नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर स्थित भटेलिया बाजार से होगी। इससे पहले 19 नवंबर को मुक्तेश्वर में आयोजन का शुभारंभ कार्यक्रम रखा गया है। निर्धारित मार्ग के अनुसार साइकिलिस्ट मुक्तेश्वर से पिथौरागढ़ पहुंचेंगे। इसके बाद बागेश्वर, कर्णप्रयाग और रुद्रप्रयाग होते हुए टिहरी और चिन्यालीसौड़ के रास्ते देहरादून जिले में प्रवेश करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को मसूरी स्थित जीएमवीएन गढ़वाल टेरेस में होगा।

सात दिनों की इस चुनौती में प्रतिभागियों को कठिन चढ़ाई, घुमावदार पहाड़ी रास्तों और विषम भौगोलिक परिस्थितियों से गुजरना होगा। प्रतियोगिता के दौरान साइकिलिस्टों को उत्तराखंड के प्राकृतिक नजारों और स्थानीय संस्कृति को करीब से देखने का अवसर भी मिलेगा।

सर्दियों में पर्यटन बढ़ाने पर जोर

पर्यटन सचिव के अनुसार, आयोजन का उद्देश्य सर्दियों में भी प्रदेश में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाना है। आमतौर पर चारधाम यात्रा और गर्मियों के मौसम में पर्यटन गतिविधियां अधिक रहती हैं, जबकि सर्दियों में कई पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या कम हो जाती है। ऐसे में साहसिक खेलों और विशेष आयोजनों के माध्यम से शीतकालीन पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाएगा। इससे होटल, होमस्टे, परिवहन और स्थानीय पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।

दिसंबर में हिमालयन कार रैली और टूर ऑपरेटरों का सम्मेलन

पर्यटन विभाग दिसंबर में हिमालयन कार रैली को भी दोबारा आयोजित करने की तैयारी कर रहा है। पर्यटन सचिव के मुताबिक, 3 से 6 दिसंबर तक प्रस्तावित यह रैली वर्ष 2027 में होने वाली अंतरराष्ट्रीय हिमालयन कार रैली 2.0 का पूर्व आयोजन होगी। रैली रानीखेत से शुरू होकर पौड़ी, टिहरी और देहरादून से गुजरेगी। इसकी कुल दूरी करीब 458 किलोमीटर होगी। इसमें 220 किलोमीटर प्रतिस्पर्धी दौड़ और 238 किलोमीटर परिवहन के लिए निर्धारित हैं। आम लोगों को परेशानी से बचाने के लिए कम यातायात वाले वैकल्पिक मार्गों को प्राथमिकता दी जाएगी।

इसके अलावा 13 से 16 दिसंबर तक रामनगर में देशभर के साहसिक पर्यटन संचालकों का सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन की संभावनाओं, नए पर्यटन स्थलों और पर्यटकों को आकर्षित करने की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के लिए परिचयात्मक भ्रमण भी आयोजित किए जाएंगे।

अलग-अलग जिलों में होंगी साहसिक खेल प्रतियोगिताएं

पर्यटन विभाग की योजना प्रदेश के विभिन्न जिलों में पैराग्लाइडिंग, एक्वा-फिशल और अन्य साहसिक खेलों से जुड़ी गतिविधियां आयोजित करने की भी है। इसके तहत टिहरी में एक्रो फेस्टिवल और बागेश्वर तथा चंपावत में एक्यूरेसी प्रतियोगिताएं प्रस्तावित हैं। अप्रैल में चंपावत के पंचेश्वर और चूका में अंतरराष्ट्रीय एंगलिंग प्रतियोगिता आयोजित करने की भी तैयारी है।

विभाग का प्रयास है कि साहसिक खेलों और पर्यटन आयोजनों के जरिए उत्तराखंड को सालभर पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनाया जाए। इन आयोजनों से पहाड़ी क्षेत्रों में पर्यटन कारोबार और स्थानीय लोगों की आजीविका को कितना लाभ मिलता है, यह इनके आयोजन और परिणामों से स्पष्ट होगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News