Skip to main content

Nirbhik Nazar

अंकिता के माता-पिता ने विनोद आर्य और उनके वकील के खिलाफ दी तहरीर, बेटी अंकिता को बदनाम करने का आरोप लगाया …

देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है। अंकिता के माता-पिता ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद वकील के खिलाफ राजपुर थाने में तहरीर दी है। उनका आरोप है कि दोनों ने अंकिता से जुड़ी कथित निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक कर उनकी दिवंगत बेटी को बदनाम करने और उसका चरित्र हनन करने का प्रयास किया है।

रविवार देर शाम अंकिता के माता-पिता समाजसेवी योगिता भयाना के साथ राजपुर थाने पहुंचे और पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 15 नवंबर को हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान विनोद आर्य और उनके वकील ने अंकिता से जुड़ी कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थी। माता-पिता ने इसे आपत्तिजनक बताते हुए कहा कि उनकी बेटी अब इस दुनिया में नहीं है, ऐसे में उसके बारे में इस तरह की बातें सार्वजनिक करना अनुचित है।

अंकिता के माता-पिता ने पुलिस से मामले की जांच कर विनोद आर्य और संबंधित वकील के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं, योगिता भयाना ने भी कथित चैट सार्वजनिक किए जाने पर सवाल उठाते हुए संबंधित वकील का बार लाइसेंस रद्द करने की मांग की।

राजपुर थाना प्रभारी पीडी भट्ट ने बताया कि अंकिता के माता-पिता ने 22 नवंबर की रात तहरीर दी है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सार्वजनिक की गई थीं कथित चैट

दरअसल, 15 नवंबर को पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने हरिद्वार में अपने वकील के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान उन्होंने अंकिता से जुड़ी कुछ कथित व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक की थीं। विनोद आर्य और उनके वकील ने इन चैट के आधार पर अंकिता के माता-पिता और उसके दोस्त पर ही उसे प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। उन्होंने यह भी कहा था कि मामले में कोई वीआईपी शामिल नहीं है।

क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड

पौड़ी गढ़वाल जिले के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास यमकेश्वर क्षेत्र स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों अंकित गुप्ता तथा सौरभ भास्कर पर अंकिता की हत्या का आरोप लगा था।

अभियोजन के अनुसार, रिजॉर्ट में अंकिता पर गलत काम के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिसका उसने विरोध किया था। इसके बाद 18 सितंबर 2022 को अंकिता की हत्या कर दी गई। करीब पांच दिन बाद 24 सितंबर को उसका शव ऋषिकेश की चीला नहर से बरामद हुआ। इस मामले में तीनों आरोपियों को निचली अदालत से सजा सुनाई जा चुकी है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News