Skip to main content

Nirbhik Nazar

श्रीनगर को साइंस सिटी की सौगात, देहरादून के लिए जल्द शुरू होगी हेली सेवा, CM धामी ने की कई घोषणाएं

श्रीनगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, नगर निगम के नए कार्यालय भवन और पंचप्रयाग सहित धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों के निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की बात भी कही।

कार्यक्रम में स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। धामी ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन और ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों और गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।

श्रीनगर में साइंस सिटी और आधुनिक घाट बनेंगे

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के माध्यम से श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को भी स्वीकृति देने की बात कही। इसके अलावा विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।

200 करोड़ की सीवर परियोजना, 650 करोड़ से बन रहा एनआईटी

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि करीब 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। लगभग 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पेयजल पंपिंग योजना पर करीब 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण हो रहा है। नगर में आधुनिक बस अड्डे और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का काम तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होने के साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया गया है। नगर निगम क्षेत्र में लगभग नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है। इनमें ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क और नाली निर्माण तथा पार्कों के सौंदर्यीकरण के कार्य शामिल हैं।

एक दिसंबर से बढ़ेगा आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तीकरण और मातृशक्ति के कल्याण के लिए लगातार निर्णय ले रही है। इसी क्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय एक दिसंबर 2026 से बढ़ाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि सरकार ने नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू करने के साथ पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल सुविधाओं पर काम

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कई कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण और शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक विनोद कंडारी, राजकुमार पोरी, श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News