Skip to main content

Nirbhik Nazar

कार्तिक पूर्णिमा पर हरकी पैड़ी में उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा स्नान के लिए पहुंचे हजारों श्रद्धालु

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान पर्व पर मंगलवार सुबह हरकी पैड़ी समेत हरिद्वार के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हरकी पैड़ी पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और दीपदान कर पुण्य अर्जित किया।

स्नान पर्व को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में बांटकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई है। हरकी पैड़ी, प्रमुख घाटों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ की निगरानी कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनी रहे और किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज त्रिपाठी के अनुसार, कार्तिक मास की पूर्णिमा को कार्तिक पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी तिथि पर भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था और भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। मान्यता है कि इस दिन देवताओं ने भी पृथ्वी पर आकर पवित्र नदियों में स्नान और दीपदान किया था।

उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान, दान और दीपदान का विशेष महत्व है। स्नान के बाद गुड़, तिल और ऊनी वस्त्रों का दान पुण्यदायी माना जाता है। इस दिन 360 बत्तियों वाला दीप जलाने की भी धार्मिक मान्यता है। श्रद्धालु सुख-शांति और मोक्ष की कामना के साथ पूजा-पाठ और दान-पुण्य करते हैं।

स्नान पर्व को देखते हुए शहर में यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। वाहनों का दबाव कम करने के लिए डायवर्जन योजना लागू की गई है और राजमार्गों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है। प्रशासन का अनुमान है कि दिनभर हरकी पैड़ी सहित आसपास के सभी गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News