Skip to main content

Nirbhik Nazar

बनबसा में 54 विकास योजनाओं की सौगात, CM धामी ने कहा – 2027 में भाजपा को मिलेगी अब तक की सबसे बड़ी जीत

बनबसा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत विधानसभा क्षेत्र के बनबसा में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का दावा करते हुए कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाएगी।

डेविड पेंटर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सर्वेक्षणों में भाजपा सरकार की वापसी के संकेतों पर आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनता के बीच सरकार के कामकाज का पूरा ब्यौरा रखा जाएगा। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां भी लोगों के सामने होंगी। धामी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में भाजपा अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में विकास कार्यों का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। उन्होंने क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को विकास की दिशा में उठाया गया कदम बताया।

कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम के लिए खटीमा स्थित अपने नगला तराई आवास रवाना हो गए। उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News