Skip to main content

Nirbhik Nazar

CM धामी ने कार्तिक पूर्णिमा और प्रकाश पर्व पर खटीमा के गुरुद्वारे में टेका मत्था, धार्मिक स्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर…

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा और गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर पीलीभीत रोड स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेका। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने दोनों पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी संपूर्ण मानवता के लिए प्रासंगिक हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु नानक देव ने अपने जीवन और उपदेशों के माध्यम से सत्य, सेवा, समानता और परोपकार का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं समाज में प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ जरूरतमंदों की निःस्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करती हैं।

धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सिख समाज की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और ऐतिहासिक तीर्थस्थलों के विकास के लिए कार्य कर रही हैं। उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए कई पहल की जा रही हैं। हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना और रीठा साहिब के समीप धर्मशाला निर्माण से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड विभिन्न धर्मों, संस्कृतियों और परंपराओं के समन्वय की भूमि है। राज्य सरकार धार्मिक स्थलों के विकास, श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और प्रदेश की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों और श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, दर्जाधारी राज्य मंत्री गंभीर सिंह धामी और किशन सिंह किन्ना, फरजाना बेगम, मेला समिति अध्यक्ष शेर सिंह दानू, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News