Skip to main content

Nirbhik Nazar

बैणी-भुली योजना पर कांग्रेस का हमला, हरीश रावत ने योजना को बताया भाजपा की ‘ठग योजना’

देहरादून। बैणी-भुली योजना को लेकर उत्तराखंड में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने इसे चुनाव से पहले महिलाओं को लुभाने की कोशिश बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संयुक्त प्रेस वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने योजना को भाजपा की ‘ठग योजना’ करार दिया, जबकि प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने लाभार्थियों की संख्या को लेकर सवाल उठाए।

हरीश रावत ने कहा कि सरकार को चुनाव में हार का अंदेशा है, इसलिए दो महीने पहले यह योजना लाई गई है। उन्होंने सवाल किया कि योजना का स्वरूप और क्रियान्वयन स्पष्ट नहीं है। पहली किस्त मौजूदा सरकार देगी, जबकि दूसरी किस्त अगली सरकार के जिम्मे होगी। रावत ने आरोप लगाया कि सरकार को बहनों की याद चुनाव से पहले आई है और अन्य महिलाओं को योजना से बाहर रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि दूसरे राज्यों में ऐसी योजनाओं के तहत बड़ी संख्या में लोगों से पैसा वापस लिया गया है।

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार ने स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को दो किस्तों में 20 हजार रुपये देने की घोषणा की है, लेकिन पांच साल तक जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 18 वर्ष से अधिक आयु की करीब 24 लाख महिलाएं हैं, जबकि योजना के लिए 5 लाख 13 हजार महिलाओं को ही चुना गया है। गोदियाल ने सवाल किया कि बाकी महिलाओं के बारे में सरकार की क्या सोच है।

प्रेस वार्ता में चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली के पीपलकोटी में बैणी-भुली योजना की घोषणा की थी। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी और स्वरोजगार योजनाओं से जुड़ी पांच लाख से अधिक महिलाओं को दो किस्तों में 10-10 हजार रुपये देने का प्रस्ताव है। पहली किस्त दिसंबर 2026 में सीधे बैंक खातों में भेजी जानी है, जबकि दूसरी किस्त अगली सरकार बनने के बाद दी जाएगी। योजना से राज्य सरकार पर करीब 525 करोड़ रुपये का वित्तीय भार पड़ने का अनुमान है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News