Skip to main content

Nirbhik Nazar

जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर चार दिवसीय सर्वेक्षण पूरा, आधुनिक तकनीक से मापी गई भीमताल झील की गहराई और जल भंडारण क्षमता

देहरादून। भीमताल झील के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए स्प्रिंग एंड रिवर रिजुवनेशन अथॉरिटी (सारा) ने वैज्ञानिक सर्वेक्षण पूरा कर लिया है। 20 से 23 नवंबर तक चले चार दिवसीय सर्वेक्षण में आधुनिक तकनीक से झील की गहराई, जल भंडारण क्षमता और तल पर जमा गाद का आकलन किया गया। जलागम मंत्री राम सिंह कैड़ा के निर्देश पर कराए गए इस सर्वेक्षण के आधार पर झील के पुनर्जीवन और गाद निकासी की कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

रुड़की की सर्वेक्षण एजेंसी जियोसाइंस कंसल्टेंसी सर्विसेज ने मोटर बोट पर लगाए गए इकोसाउंडर उपकरण से झील के विभिन्न हिस्सों की गहराई मापी। वहीं, डीजीपीएस और जीएनएसएस तकनीक से सर्वेक्षण बिंदुओं की सटीक भौगोलिक स्थिति दर्ज की गई। लगभग 10 मीटर के अंतराल पर सर्वेक्षण रेखाएं निर्धारित की गईं। आंकड़ों की सटीकता जांचने के लिए क्रॉस-चेक लाइन और झील की सीमा का भी सर्वेक्षण किया गया।

सर्वेक्षण से झील की कुल जल भंडारण क्षमता, तलछट की मोटाई और गाद निकासी की संभावनाओं का पता लगाया जाएगा। इसके आधार पर झील की गहराई का मानचित्र, क्रॉस-सेक्शन, डिजिटल तल मॉडल और क्षेत्रफल-क्षमता संबंधी आंकड़े तैयार किए जाएंगे। इससे यह स्पष्ट होगा कि झील के किन हिस्सों में अधिक गाद जमा है और कितनी मात्रा में उसकी निकासी संभव है।

सारा के इस अध्ययन का उद्देश्य केवल झील की गहराई मापना नहीं, बल्कि उसकी मौजूदा स्थिति का वैज्ञानिक आकलन कर संरक्षण और जल संग्रहण क्षमता के बेहतर प्रबंधन की योजना बनाना है। सर्वेक्षण की तकनीकी रिपोर्ट के आधार पर पुनर्जीवन और ड्रेजिंग की व्यवहार्यता का मूल्यांकन किया जाएगा। इससे झील के दीर्घकालिक संरक्षण के साथ स्थानीय लोगों, पर्यावरण और पर्यटन को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News