Skip to main content

Nirbhik Nazar

खेल पुरस्कारों में बढ़ोतरी, हर ग्राम पंचायत में बनेगा मुख्यमंत्री खेल क्लब, CM धामी ने खेलों को बढ़ावा देने सहित कई प्रस्तावों को दी मंजूरी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और जनकल्याण से जुड़े कई प्रस्तावों को मंजूरी दी है। मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर होने वाली प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने के साथ खेलों की संख्या 32 से बढ़ाकर 50 करने का निर्णय लिया गया है। इनमें उत्तराखंड के पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया जाएगा।

नई व्यवस्था के तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय 200 से 300 और तृतीय 150 से 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा स्तर पर पुरस्कार राशि क्रमशः 700, 500 और 400 रुपये होगी। संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार के लिए 1,000, 800 और 600 रुपये तथा राज्य स्तर पर 2,000, 1,500 और 1,000 रुपये दिए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले जिले को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि भी पांच लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने को मंजूरी दी है। प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए बजट में भी यथोचित वृद्धि की जाएगी। इसके साथ ही प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब गठित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों को होमगार्ड जवानों के समान मानदेय देने के मामले में समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने को भी मंजूरी दी है। वहीं, प्रदेश के विभिन्न विभागों में कार्यरत सफाई कर्मियों का मानदेय बढ़ाने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से लगी खाली भूमि युवा कल्याण विभाग को हस्तांतरित करने की मंजूरी दी गई है। इस भूमि पर मिनी स्टेडियम और अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने चंपावत विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ढकना बडोला में ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 109.88 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत करने को भी मंजूरी दी है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News