Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में 28 नवंबर को 300 स्थानों पर होगी मॉक ड्रिल, 13 जिलों की आपदा तैयारियों की हुई समीक्षा

देहरादून। सिल्क्यारा सुरंग बचाव अभियान की सफलता की वर्षगांठ पर 28 नवंबर को मनाए जाने वाले राज्य आपदा प्रबंधन दिवस के तहत उत्तराखंड में व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में राज्य स्तरीय टेबल टॉप अभ्यास आयोजित किया गया। इसमें सभी 13 जिलों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और आपदा की स्थिति में प्रतिक्रिया, विभागीय समन्वय तथा राहत-बचाव व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में हुए अभ्यास के दौरान अधिकारियों के सामने अलग-अलग आपदा परिदृश्य रखे गए। उनसे सूचना मिलने के बाद बचाव दलों की तैनाती, प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी, घायलों को चिकित्सा सुविधा, राहत सामग्री की आपूर्ति और अन्य एजेंसियों को सक्रिय करने की कार्ययोजना पर जानकारी ली गई।

सुमन ने कहा कि इस अभ्यास का उद्देश्य वास्तविक आपदा के समय सरकारी तंत्र की तत्परता और प्रभावशीलता को परखना है। आपदा के दौरान कुछ मिनट भी महत्वपूर्ण होते हैं, इसलिए प्रत्येक जिले में एजेंसियों की जिम्मेदारी, संसाधनों की उपलब्धता और कमान एवं नियंत्रण व्यवस्था स्पष्ट होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सिल्क्यारा अभियान से मिले अनुभवों को राज्य की आपदा प्रतिक्रिया व्यवस्था में शामिल किया जा रहा है।

28 नवंबर को 250 से 300 स्थानों पर अभ्यास

सचिव ने बताया कि 28 नवंबर को प्रदेश के सभी 13 जिलों में राज्यव्यापी मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। यह अभ्यास राज्य स्तर से लेकर तहसील और स्थानीय स्तर तक करीब 250 से 300 स्थानों पर होगा। इसमें भूकंप, भूस्खलन, बादल फटना, अचानक बाढ़, हिमस्खलन, अतिवृष्टि, जंगल की आग, टनल और सड़क दुर्घटना, भवन क्षति, औद्योगिक एवं रासायनिक दुर्घटना, बांध से अचानक पानी छोड़े जाने और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भगदड़ जैसी परिस्थितियों का अभ्यास किया जाएगा।

मॉक ड्रिल में राहत शिविरों की स्थापना और संचालन की व्यवस्था भी परखी जाएगी। शिविरों में बिजली, पेयजल, भोजन, प्राथमिक चिकित्सा, शिशु आहार और गर्भवती महिलाओं के लिए जरूरी सुविधाओं की उपलब्धता का परीक्षण होगा। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए पुलिस तथा होमगार्ड की तैनाती का भी अभ्यास किया जाएगा।

स्थानीय समुदाय की रहेगी भागीदारी

इस बार मॉक ड्रिल में स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पूर्व सैनिकों, पूर्व अर्द्धसैनिक बलों के जवानों, आपदा मित्रों, स्वयंसेवी संस्थाओं, एनसीसी, एनएसएस और रेडक्रॉस को भी इससे जोड़ा जाएगा। एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, पुलिस, अग्निशमन सेवा और स्वास्थ्य विभाग आधुनिक उपकरणों, खोज एवं बचाव संसाधनों तथा संचार प्रणालियों का प्रदर्शन करेंगे।

राज्य के सरकारी कार्यालयों में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और कर्मचारियों की तैयारी की समीक्षा की जा रही है। विद्यालयों में भी मॉक ड्रिल, जागरूकता कार्यक्रम और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। विकासखंड स्तर पर जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठकें, जागरूकता रैलियां तथा नुक्कड़ नाटक भी होंगे।

सुमन ने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को मॉक ड्रिल गंभीरता से आयोजित करने तथा स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से भी अभ्यास को वास्तविक आपदा की तरह गंभीरता से लेने और प्रशासन एवं बचाव दलों का सहयोग करने की अपील की।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News