Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस का लोक भवन मार्च…

देहरादून। भाजपा सरकार पर कथित भ्रष्टाचार और संवैधानिक मूल्यों के हनन का आरोप लगाते हुए उत्तराखंड कांग्रेस ने सोमवार को लोक भवन तक मार्च निकाला। प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में निकाले गए इस संविधान रक्षा मार्च में प्रदेशभर से सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

मार्च में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। नेता बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। कार्यकर्ताओं ने हस्ताक्षर अभियान के दौरान जुटाए गए हस्ताक्षरों से जुड़े बैनर और पोस्टर भी अपने साथ रखे।

कुमारी सैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में संवैधानिक मूल्यों और अधिकारों का हनन हो रहा है। हस्ताक्षर अभियान के जरिए लाखों लोगों की पीड़ा और आक्रोश जुटाया गया है, जिसे राज्यपाल के माध्यम से संवैधानिक प्रमुख तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि जनहित और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि सरकार जनता के मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों को कमजोर कर रही है। वहीं गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेशभर से पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ हस्ताक्षर जुटाए थे, जिन्हें राज्यपाल को सौंपा गया है।

पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार के मंत्रियों पर कथित भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसे मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति नहीं दे रही है। माहरा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर भी लोगों में नाराजगी होने की बात कही। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन्हीं मुद्दों को लेकर लोक भवन तक मार्च निकाला गया है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News