Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी सरकार का लंबा चौड़ा रिपोर्ट कार्ड पेश, बैंणी-भुली से लेकर UCC तक सब गिनाया, दोहराया ‘हैट्रिक’ का दावा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को आईएसबीटी स्थित एक निजी होटल में राज्य सरकार के पांच वर्षों के कार्यों का रिपोर्ट कार्ड जारी किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सशक्तीकरण, किसान कल्याण, निवेश, उद्योग, पर्यटन, आधारभूत सुविधाओं और कानून व्यवस्था सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्र-राज्य के समन्वय से उत्तराखंड ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं।

धामी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के लिए 158 केंद्र संचालित हैं। अक्टूबर 2026 तक 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के पहले चरण में 11 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।

शिक्षा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। छात्रवृत्ति योजनाओं से 21 हजार से अधिक विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं। राज्य देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है और देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है।

महिला सशक्तीकरण और किसान कल्याण

मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 5.19 लाख से अधिक महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह बनाए गए हैं। नंदा गौरा योजना से अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को लाभ मिला है। सामाजिक सुरक्षा पेंशन के तहत करीब 10 लाख लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।

किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी गई है। मंडुआ का खरीद मूल्य 5,200 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। पॉलीहाउस निर्माण के लिए 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सेब, कीवी और ड्रैगन फ्रूट की खेती के साथ सुगंधित फसलों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

निवेश, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार

धामी ने बताया कि दिसंबर 2023 में आयोजित वैश्विक निवेशक सम्मेलन में 3.56 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे, जिनमें से एक लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां बनाई गई हैं। खुर्पिया फार्म में अमृतसर-कोलकाता औद्योगिक गलियारे के तहत स्मार्ट औद्योगिक शहर विकसित किया जा रहा है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में अटल आयुष्मान योजना के तहत 63.32 लाख कार्ड बनाए गए हैं। सितंबर 2026 तक 17.36 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये से अधिक का नकदरहित उपचार मिला है। प्रदेश में छह सरकारी मेडिकल कॉलेज संचालित हैं, जिनमें तीन पिछले पांच वर्षों में शुरू हुए हैं। किच्छा में एम्स के उपकेंद्र का निर्माण अंतिम चरण में है और हल्द्वानी में कैंसर संस्थान का काम जारी है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक गलियारे का करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से निर्माण पूरा हुआ है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का लगभग 75 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 11,595 करोड़ रुपये की लागत से 2,826 सड़कों का निर्माण कर 21,915 किलोमीटर का सड़क नेटवर्क विकसित किया गया है। देहरादून-मसूरी रोपवे और चारधाम सड़क परियोजना पर भी काम जारी है।

पर्यटन, ऊर्जा और सुशासन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। मानसखंड मंदिर माला मिशन के तहत 48 मंदिरों का विकास किया जा रहा है। प्रदेश की 83 पर्वत चोटियों को पर्वतारोहण के लिए खोला गया है और 100 ट्रैकिंग एवं पैदल यात्रा मार्ग चिह्नित किए गए हैं। कुंभ मेला-2027 के लिए 500 करोड़ रुपये से अधिक और नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है।

ऊर्जा क्षेत्र में टिहरी की एक हजार मेगावाट क्षमता वाली पंप भंडारण परियोजना की चारों इकाइयों ने उत्पादन शुरू कर दिया है। जल जीवन मिशन के तहत 16,555 में से 15,540 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। वहीं, 14.48 लाख में से 14.20 लाख ग्रामीण परिवारों को पेयजल कनेक्शन दिए गए हैं।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता के लिए सख्त नकल विरोधी कानून और कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए दंगा रोधी कानून लागू किया गया है। भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई में 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि मुक्त कराई गई है। अपणि सरकार पोर्टल पर 900 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं।

उन्होंने आपदा प्रबंधन, खेल, ग्रामीण विकास और राज्य आंदोलनकारियों के कल्याण से जुड़े कार्यों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री के अनुसार 38वें राष्ट्रीय खेलों में प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीते। राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है।

कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News