Skip to main content

Nirbhik Nazar

सरकारी कामकाज में एआई का इस्तेमाल बढ़ाएगा उत्तराखंड, मुख्य सचिव ने दिये टास्क फोर्स गठन के निर्देश

देहरादून। उत्तराखंड सरकार शासकीय कामकाज में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के उपयोग को बढ़ावा देने की तैयारी कर रही है। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के साथ बैठक में इसके प्रभावी इस्तेमाल के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने और तत्काल टास्क फोर्स गठित करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि एआई का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में विभागों की कार्यप्रणाली और जरूरतों के अनुरूप विभिन्न एआई उपकरणों के व्यावहारिक इस्तेमाल की संभावनाएं तलाशनी होंगी। शासन-प्रशासन के कामकाज को अधिक प्रभावी बनाने के लिए इस दिशा में ठोस पहल की जाए।

उन्होंने राज्य में डेटा लेक तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए। इससे उपलब्ध आंकड़ों का बेहतर उपयोग कर सरकारी निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा। मुख्य सचिव ने सचिवों के विभागीय निरीक्षणों और दौरों के दौरान मिलने वाली महत्वपूर्ण जानकारियों एवं सुझावों को संबंधित विभागों के साथ साझा करने को कहा।

उन्होंने निरीक्षणों से मिलने वाले फीडबैक को इलेक्ट्रॉनिक परियोजना निगरानी प्रणाली (ई-पीएमएस) से जोड़ने पर भी जोर दिया, ताकि सरकारी कार्यों की प्रगति और निर्देशों के अनुपालन की प्रभावी निगरानी हो सके।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्रीधर बाबू अद्दांकी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News