Skip to main content

Nirbhik Nazar

पवाणी अग्निकांड पीड़ितों को पांच-पांच लाख रुपये देगी धामी सरकार, छह माह के राशन की भी व्यवस्था, CM ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से की मुलाकात

उत्तरकाशी। मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास और पुनर्वास की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के बीच बैठकर प्रत्येक पीड़ित से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में सरकार उनके साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। अधिकारियों को अग्निकांड से हुए नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावितों को उनकी जरूरत के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सर्दी और संभावित बर्फबारी को देखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के रहने के लिए तत्काल सुरक्षित आवास की व्यवस्था करने को कहा। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में घरों के साथ छह माह का सुरक्षित रखा राशन भी नष्ट हो गया है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को आगामी छह माह का राशन उपलब्ध कराया जाएगा। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए आवश्यकतानुसार विद्यालय की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।

धामी ने कहा कि प्रभावित परिवारों ने अपने घर और जीवनभर की जमा पूंजी खोई है। यह केवल आर्थिक सहायता का मामला नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा अपने पैरों पर खड़ा करने और उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की जरूरतों को प्राथमिकता देने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पवाणी गांव की दीर्घकालिक जरूरतों को देखते हुए जलाशय, हेलीपैड और अन्य विकास कार्यों पर भी काम किया जाएगा। हालांकि, फिलहाल सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना और उनका पुनर्वास करना है।

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही वह जिलाधिकारी और क्षेत्रीय विधायक दुर्गेश्वर लाल के संपर्क में थे और लगातार राहत कार्यों की जानकारी ले रहे थे। विधायक और ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के गांव पहुंचने, पीड़ितों से मुलाकात करने और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के प्रयासों पर आभार जताया।

इस दौरान विधायक दुर्गेश्वर लाल, जिलाधिकारी, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News