Skip to main content

Nirbhik Nazar

धामी सरकार का बड़ा फैसला, बापूग्राम-बिंदुखत्ता के परिवारों को मिलेगा भूमिधरी अधिकार ! केंद्र को प्रस्ताव भेजेगी सरकार

देहरादून। उत्तराखंड में दशकों से वन भूमि पर बसे परिवारों को भूमिधरी अधिकार मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई मंत्रिमंडल की बैठक में ऋषिकेश के बापूग्राम, नैनीताल के बिंदुखत्ता सहित प्रदेश के अन्य वन क्षेत्रों में बसी आबादी को नियमित करने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल ने इन क्षेत्रों को आरक्षित वन की श्रेणी से बाहर करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने पर सहमति दे दी है।

इस प्रक्रिया में ऋषिकेश के बापूग्राम की 594.94 एकड़ आरक्षित वन भूमि को शामिल किया गया है। इसके साथ ही बिंदुखत्ता और प्रदेश के अन्य ऐसे क्षेत्रों को भी प्रस्ताव के दायरे में लाया जाएगा, जहां लोग लंबे समय से बसे हुए हैं। राज्य सरकार इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजेगी।

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि इन क्षेत्रों को आरक्षित वन की श्रेणी से बाहर करने का प्रस्ताव भारत सरकार को भेजा जाएगा। इसके बाद उच्चतम न्यायालय की अनुमति से भूमि को अधिसूचना से बाहर करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि भूमि नियमित करने और लोगों को मालिकाना हक देने के लिए नीति तैयार की जाएगी। इसी उद्देश्य से मंत्रिमंडल ने उप मंत्रिमंडलीय समिति का गठन किया है। समिति की संस्तुतियों के आधार पर आगे निर्णय लिए जाएंगे।

वन भूमि को आरक्षित श्रेणी से बाहर करने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वहां बसे परिवारों की जमीनों को नियमित करने का रास्ता खुलेगा। इसके लिए केंद्र सरकार की मंजूरी और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी करना आवश्यक होगा। इसके बाद ही परिवारों को भूमिधरी अधिकार देने और राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज करने के संबंध में निर्णय लिया जा सकेगा।

इस फैसले से बापूग्राम, बिंदुखत्ता सहित अन्य वन क्षेत्रों में लंबे समय से बसे परिवारों को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, भूमिधरी अधिकार मिलने की प्रक्रिया केंद्र की मंजूरी, न्यायालय की अनुमति और राज्य सरकार की प्रस्तावित नीति पर निर्भर करेगी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News