Skip to main content

Nirbhik Nazar

सीएम धामी ने विकास कार्यों के लिए मंजूर किए 32.58 करोड़ रुपये, बाढ़ सुरक्षा से लेकर मंदिरों के सौंदर्यीकरण तक होंगे काम

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में विकास कार्यों के लिए 32.58 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इसमें बाढ़ सुरक्षा, खेल अवस्थापना, सौर ऊर्जा, पर्यटन विकास, मंदिरों का सौंदर्यीकरण, सड़क निर्माण और विद्युत आपूर्ति से जुड़े कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के थराली विकासखंड में कुलसारी बहुउद्देशीय मैदान को पिंडर नदी के कटाव से बचाने के लिए बाढ़ सुरक्षा कार्यों के तहत 491.98 लाख रुपये स्वीकृत करने को मंजूरी दी है। वहीं, हल्द्वानी के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, गोलापार में एकीकृत खेल अवस्थापना विकास परियोजना के तहत 100 लाख रुपये के निर्माण कार्य के लिए पेयजल निर्माण निगम को कार्यदायी संस्था नामित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।

वित्तीय वर्ष 2026-27 में प्रदेश के 3,042 शासकीय भवनों पर 17 मेगावाट क्षमता के ग्रिड कनेक्टेड सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए 40.67 करोड़ रुपये के प्रावधान के सापेक्ष दूसरी किश्त के रूप में 16.268 करोड़ रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के कार्यालय परिसर में परीक्षा हॉल, अतिथि गृह के सामने लॉन, आंतरिक सड़क और साज-सज्जा के कार्यों के लिए पहली किश्त के रूप में 123.908 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।

पिथौरागढ़ जिले के विण विकासखंड की ग्रामसभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण के लिए 84.94 लाख रुपये तथा डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र के द्योगली गांव में सीसी मार्ग, खड़ंजा और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 99.69 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इनमें पहली किश्त के रूप में 59.814 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।

बागेश्वर जिले में एक जनपद एक नदी योजना के तहत गरुड़ गंगा की कार्ययोजना के लिए 11.20 करोड़ रुपये से अधिक के प्रावधान के सापेक्ष पहले चरण में 316.58 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए 42.98 लाख रुपये की स्वीकृति भी दी गई है।

टिहरी जिले के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसकी पहली किश्त में 40.722 लाख रुपये जारी होंगे। वहीं, धौड़ंगी बडियारगढ़ के क्षेत्रपाल देवता मंदिर और हिंडोलाखाल के ढुंगरियाल कांडा स्थित चामुंडा देवी मंदिरों के सौंदर्यीकरण के लिए 100.67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके तहत पहली किश्त में 80.294 लाख रुपये जारी होंगे।

प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुण्डेश्वर महादेव मंदिर के उत्तर दिशा में हिमालय और टिहरी झील के दृश्य वाले स्थान पर ध्यान केंद्रों के निर्माण के लिए 82.62 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। इसकी पहली किश्त के रूप में 49.572 लाख रुपये जारी करने की स्वीकृति दी गई है।

पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट विधानसभा क्षेत्र में पर्यटक स्थल मणकेश्वर सिद्ध महादेव के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 70 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किश्त के रूप में 42 लाख रुपये जारी होंगे। इसके अलावा चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के 74 छूटे हुए तोकों में शत-प्रतिशत विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए 499.68 लाख रुपये के सापेक्ष शेष 199.872 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News