Skip to main content

Nirbhik Nazar

सड़क हादसों पर सख्त हुए CM धामी, प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिये, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

देहरादून। प्रदेश में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गंभीर चिंता जताते हुए सड़क सुरक्षा को लेकर प्रदेशभर में विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने परिवहन विभाग, पुलिस, जिला प्रशासन और सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय के साथ दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाने को कहा है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि रोकना सभी विभागों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्धारित गति सीमा से अधिक रफ्तार, ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। हेलमेट और सीट बेल्ट सहित यातायात के अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती बरती जाए। पर्वतीय मार्गों पर वाहनों की फिटनेस, निर्धारित यात्री क्षमता और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की नियमित जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने पूर्व में हुई सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का गहन विश्लेषण करने और दुर्घटना संभावित स्थलों को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक एवं सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा है। उन्होंने पर्वतीय मार्गों पर जरूरत के अनुसार सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी संबंधित विभागों की जवाबदेही तय की जाए और किए जा रहे उपायों के क्रियान्वयन की नियमित समीक्षा हो। सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को न्यूनतम करने के लिए ठोस, प्रभावी और परिणामोन्मुखी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News