Skip to main content

Nirbhik Nazar

आपदा प्रबंधन सम्मेलन में CM धामी ने दिया वैश्विक सहयोग का संदेश, हिमालयन इंस्टीट्यूट को एक करोड़ देने की घोषणा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में तीन दिवसीय विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देहरादून स्थित हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के कॉरपस फंड के लिए एक करोड़ रुपये देने की घोषणा की। सम्मेलन में 50 से अधिक देशों के प्रतिनिधि, आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ, वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधि प्रतिभाग कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह सम्मेलन दुनिया के विभिन्न क्षेत्रों को आपदा प्रबंधन के साझा मंच पर जोड़ रहा है। उत्तराखंड के सभी 13 जनपदों, देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के साथ करीब 50 देशों की सहभागिता बताती है कि आपदा प्रबंधन अब किसी एक देश या क्षेत्र का विषय नहीं, बल्कि पूरी मानवता की साझा जिम्मेदारी है। यह आयोजन ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना को भी साकार करता है।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल बचाव अभियान को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में 17 दिनों के अथक प्रयासों के बाद सभी श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना मानवता, साहस, धैर्य और सामूहिक संकल्प की ऐतिहासिक विजय थी। उन्होंने श्रमिक गब्बर सिंह नेगी सहित सभी श्रमिकों के धैर्य और साहस की सराहना की। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार स्थिति की जानकारी लेते रहे और आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करते रहे।

धामी ने अभियान में योगदान देने वाले इंजीनियरों, वैज्ञानिकों, रैट माइनर्स, सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल, केंद्रीय एवं राज्य एजेंसियों, प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जब बड़ी मशीनों के सामने चुनौतियां आईं, तब रैट माइनर्स ने अपने कौशल और साहस से अंतिम चरण में महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। यह अभियान आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ मानवीय संवेदनशीलता, अनुभव और सामूहिक प्रयासों के समन्वय का उदाहरण बना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन के कारण पूरी दुनिया अत्यधिक वर्षा, बाढ़, सूखा, भूस्खलन, वनाग्नि और चरम मौसमी परिस्थितियों जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। इनका प्रभाव जन-धन की हानि के साथ अर्थव्यवस्था, कृषि, प्राकृतिक संसाधनों और सामाजिक संरचना पर भी पड़ता है। ऐसे में वैश्विक स्तर पर साझा प्रयास, अनुभवों का आदान-प्रदान और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आपदा प्रबंधन को केवल राहत और बचाव तक सीमित रखने के बजाय पूर्वानुमान, पूर्व तैयारी और जोखिम न्यूनीकरण की दिशा में आगे बढ़ रहा है। संभावित जोखिमों की समय रहते पहचान कर जन-धन की हानि कम करने के लिए पहले से प्रभावी व्यवस्थाएं विकसित करना आवश्यक है।

धामी ने हिमालयी क्षेत्र की संवेदनशीलता का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2013 की केदारनाथ आपदा, 2021 की चमोली आपदा और सिलक्यारा सुरंग की घटना ने स्पष्ट किया है कि हिमालयी क्षेत्रों में विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। हिमाचल प्रदेश, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, नेपाल, भूटान और तिब्बत सहित पूरे हिमालयी क्षेत्र की चुनौतियां काफी हद तक समान हैं। इसलिए सम्मेलन में हिमालयी क्षेत्र की समस्याओं और उनके समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News