Skip to main content

Nirbhik Nazar

उत्तराखंड: उद्योगों की फाइलें लटकाने पर चार क्षेत्रीय अधिकारियों को नोटिस, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कसी लगाम

देहरादून। उत्तराखंड प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने अब अपने अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर भी सख्ती शुरू कर दी है। रेड, ऑरेंज और येलो श्रेणी के उद्योगों को निर्धारित समय पर पर्यावरणीय मंजूरी और लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं देने के मामलों में देहरादून, रुड़की, काशीपुर और हल्द्वानी के क्षेत्रीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि काम में लापरवाही और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दरअसल, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने विभिन्न श्रेणियों के उद्योगों को पर्यावरणीय मंजूरी देने और उनके लाइसेंस के नवीनीकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की है। इसके बावजूद कई मामलों में तय समय पर प्रमाण-पत्र, अनापत्ति प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी मंजूरियां जारी नहीं हो रही हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए बोर्ड मुख्यालय ने चार क्षेत्रीय अधिकारियों से जवाब तलब किया है।

खास बात यह है कि बोर्ड की सख्ती अब केवल पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले उद्योगों और संस्थानों तक सीमित नहीं है, बल्कि विभागीय स्तर पर भी जवाबदेही तय की जा रही है। पर्यावरणीय मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ सरकारी कामकाज में देरी करने वाले अधिकारियों पर भी शिकंजा कसा जा रहा है।

बोर्ड के सदस्य सचिव पराग मधुकर धकाते ने कहा कि पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं उद्योगों से संबंधित प्रमाण-पत्र, अनापत्ति प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी मंजूरियां जारी करने में अनावश्यक देरी करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी जिम्मेदार ठहराया जाएगा। लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

बोर्ड की इस कार्रवाई को पर्यावरणीय निगरानी के साथ विभागीय कार्यप्रणाली में जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News