Skip to main content

Nirbhik Nazar

हरिद्वार कुंभ में लाखों लोगों को चश्मा और नेत्र सेवाएं देने की तैयारी, CM धामी की मौजूदगी मे नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद

देहरादून। हरिद्वार में आगामी कुंभ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालुओं को नेत्र चिकित्सा और चश्मा वितरण की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इसी उद्देश्य से रविवार को देहरादून के दून मेडिकल कॉलेज में नेत्र कुंभ-2027 का शंखनाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल और हंस फाउंडेशन से जुड़ी माता मंगला ने प्रतिभाग किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि नेत्र कुंभ का हिस्सा बनना उनके लिए खुशी की बात है। प्रयागराज कुंभ में इसी तरह के आयोजन के माध्यम से लाखों लोगों को चश्मे और अन्य नेत्र सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं। उन्होंने कहा कि आगामी हरिद्वार कुंभ में भी इसी तर्ज पर लाखों श्रद्धालुओं को चश्मा वितरण और नेत्र संबंधी सेवाएं देने का प्रयास किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह नदियों और पेड़ों का जीवन दूसरों के लिए उपयोगी होता है, उसी तरह मनुष्य के जीवन का उद्देश्य भी दूसरों के लिए कुछ बेहतर करना होना चाहिए। आंखें हमारे जीवन की महत्वपूर्ण इंद्रिय हैं। इनके माध्यम से हम दुनिया को देखते हैं और ज्ञान प्राप्त करते हैं। इसलिए आंखों का स्वस्थ और सुरक्षित रहना जरूरी है। नेत्र सेवा से जुड़े लोग मानवता की सेवा के साथ एक पुण्य कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब किसी बुजुर्ग महिला की आंखों की रोशनी लौटेगी और वह अपने पोते का चेहरा देख सकेगी तो उसके आशीर्वाद से बड़ा कोई प्रतिफल नहीं हो सकता। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार कुंभ में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। ऐसे में आयोजन को पवित्रता और बेहतर व्यवस्थाओं के साथ संपन्न कराने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए।

स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आंखें हैं तो दुनिया है और नेत्रदान को महादान कहा गया है। उन्होंने सक्षम संगठन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आगामी कुंभ में नेत्र कुंभ के माध्यम से श्रद्धालुओं को चश्मा उपलब्ध कराने की पहल सराहनीय है। इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरा सहयोग दिया जाएगा।

हंस फाउंडेशन से जुड़ी माता मंगला ने कहा कि एक संगठन के प्रयासों से अनेक बच्चों, महिलाओं और पुरुषों को नेत्र संबंधी सेवाएं मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि हमारा देश समृद्ध है और जो लोग सक्षम हैं, उन्हें अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंदों की सेवा करनी चाहिए। उन्होंने नेत्र कुंभ को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग और हरसंभव प्रयास करने का आह्वान किया।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News