हरिद्वार: योगगुरु रामदेव अक्सर अपने अंदाज को लेकर चर्चा में रहते हैं। अपने सोशल मीडिया अकाउंट से रामदेव ने कुछ तस्वीरें ट्वीट कीं तस्वीर में रामदेव राजा ज्ञानेंद्र, बालकृष्ण और अन्य कुछ लोगों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। इसमें भी किसी ने मास्क नहीं लगा रखा है। दरअसल कुंभ मेले मे दूर-दूर से लोग यहां आ रहे हैं। राजा ज्ञानेंद्र भी कुंभ मेले के लिए भारत आए और पतंजलि योगपीठ भी गए। ध्यान देने वाली बात यह भी रही कि इस मुलाकात के दौरान किसी ने मास्क नहीं लगाया था।

पतंजलि आयुर्वेद के एमडी आचार्य बालकृष्ण ने भी ट्वीट किया, ‘भारतीय संस्कृति,सनातन परंपरा की गूंज लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है नेपाल के राजा श्री ज्ञानेंद्र वीर विक्रम शाह आज पतंजलि परिसर पहुंचे स्वामी रामदेव जी के नेतृत्व में पतंजलि के कार्यों को देखकर अभिभूत होते हुए उन्होंने कहा कि जितना पतंजलि के विषय में उन्होंने सुना था उससे कई गुना ज्यादा अनुसंधान व बाकी सेवा के कार्य हो रहे हैं।’
नेपाल के राजा श्री ज्ञानेंद्र वीर विक्रम शाह जी ने आज #पतंजलि योगपीठ में पधारकर सेवाकार्यों का अवलोकन किया।#Patanjali #Nepal pic.twitter.com/XQc5Q6RKkd
— स्वामी रामदेव (@yogrishiramdev) April 13, 2021
बता दें कि हरिद्वार के कुंभ मेले में केवल सोमवार को ही 35 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे। मेले के लिए कोरोना की गाइडलाइन जारी तो की गई हैं लेकिन इसका पालन करते कम ही लोग नजर आते हैं। उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह रावत ने भी एक बयान में कह दिया कि गंगा मैया की कृपा से यहां कोरोना नहीं फैलेगा। वहीं आंकड़ों की बात करें तो केवल हरिद्वार में पिछले पांच दिनों में 1500 लोग संक्रमित मिल चुके हैं।