Nirbhik Nazar

उत्तराखंड में कोरोना ने पुराने रिकार्ड तोड़े, 2220 नए कोरोना मरीज मिले, 9 की मौत, रिकवरी दर 1 दिन में 2% गिरी

देहारादून: उत्तराखंड में गुरुवार को कोरोना के रिकॉर्ड 2220 नए मरीज मिले। इससे पहले एक दिन में सर्वाधिक मरीजों का आंकडा 2078 था जो 19 सितम्बर 2020 को कोरोना की पहली लहर के दौरान मिले थे। लेकिन गुरुवार को बड़ी संख्या में आए नए मरीजों ने पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को राजधानी देहरादून में एक बार फिर सर्वाधिक मरीज सामने आए। देहरादून में 914 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा हरिद्वार में 613, नैनीताल में 156, यूएस नगर में 131, पौड़ी में 105, अल्मोड़ा में 55, बागेश्वर में 15, चमोली में 25, चम्पावत में 26, पिथौराढ़ में 29, रुद्रप्रयाग में 49, टिहरी में 79 और उत्तरकाशी जिले में 23 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है।

राज्य में कुल मरीजों की संख्या एक लाख 16 हजार के पार पहुंच गई है। जिसमें से 99700 ठीक हो चुके हैं। जबकि 12 हजार से अधिक एक्टिव मरीजों का अस्पतालों व होम आइसोलेशन में इलाज चल रहा है। राज्य में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए कुल 67 कंटेनमेंट जोन बनाए गए हैं। जिसमें से 33 अकेले देहरादून जिले में हैं। जबकि नैनीताल में 27 और हरिद्वार में छह और पौड़ी में एक कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।

नौ संक्रमितों की हुई मौत

गुरुवार को राज्य भर के अस्पतालों में संक्रमण के बाद भर्ती नौ मरीजों की मौत हो गई। इसमें से एक एम्स ऋषिकेश, तीन दून मेडिकल कॉलेज में तीन, कैलाश अस्पताल में दो, उजाला हॉस्पिटल काशीपुर में दो जबकि हिमालयन हॉस्पीटल देहरादून में भर्ती एक संक्रमित मरीज की मौत हो गई। इसके साथ ही राज्य में कोरोना संक्रमण के बाद मरने वालों का कुल आंकड़ा 1802 हो गया है।

देहरादून में संक्रमण की दर 16.89 प्रतिशत

देहरादून जिले में संक्रमण की दर बहुत तेजी से बढ़ रही है। गुरुवार को 914 नए मरीज मिलने के बाद राजधानी में संक्रमण की दर 16.89 प्रतिशत पहुंच गई है। राजधानी में 5411 सैंपल की रिपोर्ट आई जिसमें से 914 नए पॉजिटिव मरीज मिले हैं। जबकि एक सप्ताह पहले राजधानी में कोरोना संक्रमण की दर 3.72 प्रतिशत के करीब थी। ऐसे में राजधानी में जांच बढ़ाने की सख्त जरूरत महसूस हो रही है। देहरादून में एक्टिव मरीजों का आंकड़ा पांच हजार को पार कर गया है।

रिकवरी दर एक दिन में दो प्रतिशत गिरी

मरीजों की संख्या में इजाफे की वजह से राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर बहुत तेजी से गिर रही है। राज्य भर में गुरुवार को कुल 397 मरीजों को इलाज के बाद डिस्चार्ज किया गया लेकिन इसके बावजूद रिकवरी रेट में एक ही दिन में तकरीबन दो प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है। बुलेटिन के अनुसार गुरुवार को राज्य में मरीजों के ठीक होने की दर 85 प्रतिशत से कुछ अधिक थी जो बुधवार को 87.16 प्रतिशत थी।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *