Nirbhik Nazar

IAS के बाद अब PCS अफसरों का नंबर, जानिए कब होंगे तबादले

देहारादून: देश में आइएएस अधिकारियों के बाद अब जल्द ही पीसीएस अधिकारियों के तबादलों की तैयारी है। इसके लिए शासन स्तर पर सूची बननी शुरू हो गई है। माना जा रहा है कि जल्द ही इस सूची को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सरकार ने बड़ी संख्या में आइएएस अधिकारियों के तबादले किए। इसके बाद से ही आइपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले भी होने की संभावना थी।

इस बीच कुंभ मेले की अधिसूचना जारी हो गई और और सल्ट में विधानसभा उपचुनाव का समय नजदीक आ गया। इसे देखते हुए पीसीएस अधिकारियों के तबादलों को टाल दिया गया। दरअसल, कुंभ में बड़ी संख्या में पीसीएस अधिकारियों की सेक्टर मजिस्ट्रेट के रूप में तैनाती की गई है, जो इस समय व्यवस्था को संभाल रहे हैं। ऐसे में इनके तबादले करने संभव नहीं थे। अब कुंभ के प्रमुख स्नान संपन्न हो चुके हैं। अब केवल एक पर्व स्नान और एक शाही स्नान शेष है। कुंभ की अवधि भी 30 अप्रैल तक ही है। इसके अलावा 17 अप्रैल को सल्ट विधानसभा का उपचुनाव भी निबट जाएगा। ऐसे में सरकार इन तबादलों को अंतिम रूप दे सकती है। दरअसल, इस समय कई पीसीएस अधिकारियों की उच्च ग्रेड पे पर पदोन्नति होनी है।

इसके अलावा कई अधिकारी सालों से एक ही स्थान पर जमे हुए हैं। इतना ही नहीं, अब नेतृत्व परिवर्तन के बाद नई सरकार अपने हिसाब से योजनाओं को गति देने की तैयारी कर रही है। अगले साल चुनाव होने हैं इसे देखते हुए सरकार अब विकास योजनाओं में कोई कोर कसर नहीं छोडऩा चाहती है। सूत्रों की मानें तो शासन स्तर पर तबादलों के लिए अधिकारियों की सूची बनाई जा रही है, जिसे तैयार करने के बाद मुख्यमंत्री कार्यालय से अनुमोदन लिया जाएगा। माना जा रहा है कि इस माह अंत अथवा मई के प्रथम सप्ताह में तबादलों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा।

nirbhiknazar
Author: nirbhiknazar

Live Cricket Score
Astro
000000

Live News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *